Site icon hindi.revoi.in

ICC टी20 विश्व कप : वेस्टइंडीज को इंग्लैंड पर एक दशक बाद मिली जीत, अंग्रेज 30 रनों से हारे

Social Share

मुंबई, 11 फरवरी। वेस्टइंडीज ने बुधवार की रात यहां वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए ICC टी20 विश्व कप मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 30 रनों से शानदार जीत दर्ज की। दिलचस्प तो यह है कि वेस्टइंडीज को इंग्लिश टीम पर एक दशक बाद जीत मिली है। अंतिम बार उसने 2016 के टी20 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

कैरेबियाई टीम ने सिक्के की उछाल गंवाने के बाद छह विकेट पर 196 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। अपेक्षाकृत कठिन लक्ष्य का पीछा कर रही इंग्लिश टीम 19 ओवरों में 166 रनों पर ही सिमट गई। विजेता टीम के लिए गुडाकेश मोटी ने 33 रन देकर तीन विकेट लिए।

ग्रुप सी में वेस्टइंडीज की लगातार दूसरी जीत

मौजूदा टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज की यह लगातार दूसरी जीत है। ग्रुप सी में वह अब चार अंकों के साथ शीर्ष पर है। अपने पहले मैच में उसने स्कॉटलैंड को शिकस्त दी थी। वहीं इंग्लैंड की दो मैचों में यह पहली हार है। लेकिन रन औसत की लड़ंत में वह स्कॉटलैंड (दो अंक) से पिछड़कर तीसरे स्थान पर चला गया है। इंग्लिश टीम अंतिम गेंद तक खिंचे अपने पहले मैच में नेपाल पर बमुश्किल चार रनों से जीत हासिल कर सकी थी।

स्कोर कार्ड

इससे पहले फिल सॉल्ट (30 रन, 14 गेंद, दो छक्के, चार चौके) ने 24 रनों के दूसरे ओवर से अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन शेफर्ड पावरप्ले में आए और उन्हें आउट कर दिया। जैकब बेथेल (33 रन, 23 गेंद, एक छक्का, चार चौके) व अनुभवी जोस बटलर (21 रन, 14 गेंद, एक छक्का, दो चौके) भी ज्यादा दूर नहीं जा सके जबकि टॉम बैंटन (चार रन) के एक और फेलियर के बाद वेस्टइंडीज ने दबाव बनाना जारी रखा।

सैम करन (नाबाद 43 रन, 30 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) इंग्लैंड के लिए आखिरी उम्मीद थे, लेकिन किसी ने उनका साथ नहीं दिया क्योंकि वेस्टइंडीज़ ने भी शमर और होल्डर के शानदार यॉर्कर फेंकी। हालांकि वेस्टइंडीज की कैचिंग उतनी ही अच्छी थी, जितनी ग्राउंड फील्डिंग। वानखेड़े में रात के मैच में स्कोर डिफेंड करना कभी आसान नहीं होता, जब ओस बैटर्स की मदद कर रही हो। इसलिए यह वेस्टइंडीज की जीत को और भी खास बनाता है।

रदरफोर्ड, होल्डर व चेज ने खेलीं आक्रामक पारियां

वेस्टइंडीज की तरफ से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ शेरफेन रदरफोर्ड (76 रन, 41 गेंद, सात छक्के, दो चौके) ने आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए 29 गेंदों पर फिफ्टी पूरी करने के बाद भी जमकर प्रहार जारी रखे। उनके अलावा जेसन होल्डर ने 33 रनों (17 गेंद, चार छक्के, एक चौका) और रोस्टन चेज ने 34 रनों (29 गेंद, छह चौके) की आकर्षक पारियां खेलीं तो शिमरन हेटमायर ने 12 गेंदों पर 23 रन (दो छक्के, दो चौके) ठोक दिए। इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद ने बेहद किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवरों में केवल 16 रन दिए और दो विकेट चटकाए।

Exit mobile version