Site icon hindi.revoi.in

हम सुरक्षा बलों का काफी सम्मान करते हैं, सर्जिकल स्ट्राइक पर दिए बयान पर दिग्विजय ने दी सफाई

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 24 जनवरी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सर्जिकल स्ट्राइक पर अपने द्वारा दिए गए बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि हम सुरक्षा बलों का काफी सम्मान करते हैं और उनको सर्वोच्च स्थान देते हैं। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर कहा था कि सरकार ने इसका कोई प्रमाण नहीं दिया है और सरकार झूठ के पुलिंद पर ही चल रही है।

जम्मू-कश्मीर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं और उन्होंने इतने लोगों को मारा है, लेकिन इसका कोई सबूत नहीं है। केंद्र झूठ के सहारे शासन कर रहा है। मैं आपको बताना चाहता हूं कि यह देश हम सभी का है।

इसके साथ ही दिग्विजय सिंह ने कहा कि इलाके में हर कार की जांच की जाती है। उस विशेष दिन स्कॉर्पियो कार की जांच क्यों नहीं की गई? एक वाहन गलत दिशा से आता है। इसकी जांच क्यों नहीं की गई? हमारे सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए. अब तक घटना से संबंधित जानकारी संसद में नहीं दी गई।

गौरतलब है कि सोमवार को दिग्विजय सिंह के बयान पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने ट्विटर पर कहा, “वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार उनके अपने हैं. यूपीए सरकार ने भी 2014 से पहले सर्जिकल स्ट्राइक किए थे। कांग्रेस ने राष्ट्रीय हित में हर तरह की सैन्य कार्रवाई का समर्थन किया है और समर्थन करना जारी रखेगी।”

Exit mobile version