Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : साई के सैकड़े पर भारी पड़े विराट व पडिक्कल के अर्धशतक, GT को पस्त कर RCB दूसरे स्थान पर

Social Share

बेंगलुरु, 24 अप्रैल। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के मौजूदा संस्कारण में किस कदर रनों की बौछार हो रही है, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि अब तक खेले गए 34 मैचों में शुक्रवार को 11वां ऐसा मुकाबला दिखा, जिसमें दोनों टीमों ने 200+ का स्कोर किया।

हालांकि एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) के ओपनर साई सुदर्शन का आक्रामक शतकीय प्रयास (100 रन, 58 गेंद, पांच छक्के, 11 चौके) व्यर्थ हो गया और विराट कोहली (81 रन, 44 गेंद, चार चक्के, आठ चौके) व देवदत्त पडिक्कल (55 रन, 27 गेंद, छह चौके, दो चौके) के विद्युतीय अर्धशतकीय प्रहारों से मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सात गेंदों के शेष रहते पांच विकेट की प्रभावी जीत से खुद को अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया।

सुदर्शन के दमदार सैकड़े से 205 रनों तक पहुंची गुजराती टीम

सिक्के की उछाल गंवाने वाले गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साई सुदर्शन के दमदार सैकड़े और कप्तान शुभमन गिल (32 रन, 24 गेंद, एक छक्का, दो चौके) सहित अन्य बल्लेबाजों संग उनकी उपयोगी भागीदारियों से तीन विकेट पर 205 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

आरसीबी ने 7 गेंदों के रहते दर्ज की 5 विकेट की जीत

जवाबी काररवाई में विराट व पडिक्कल के मौजूदा सत्र के तीसरे अर्धशतकीय प्रहारों से आरसीबी की टीम मुकाबले पर हावी हो गई। हालांकि ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ कोहली शतक तक नहीं पहुंच सके। लेकिन अंतिम क्षणों में क्रुणाल पंड्या (नाबाद 23 रन, 12 गेंद, एक छक्का ,तीन चौके) ने तेज हाथ दिखाते हुए आरसीबी की जीत पर अंतिम मुहर लगाई, जिसने 18.5 ओवरों में पांच विकेट पर 206 रन बना लिए।

मौजूदा सत्र में आरसीबी की पांचवीं जीत, जीटी की चौथी हार

चालू सत्र में ग्रुप चरण के अपने अंतिम घरेलू मुकाबले में उतरे मौजूदा चैम्पियन टीम की सात मैचों में यह पांचवीं जीत थी और 10 अंकों के सहारे वह अंक तालिका में पंजाब किंग्स (11 अंक) के बाद दूसरे स्थान पर जा पहुंची है। हालांकि राजस्थान रॉयल्स के भी सात मैचों में 10 अंक हैं, लेकिन कमजोर नेट रन रेट के चलते वह तीसरे स्थान पर है। वहीं गुजरात टाइटंस सात मैचों में लगातार दूसरी व कुल चौथी हार के बाद छह अंक लेकर सातवें स्थान पर पिछड़ गया है।

कोहली को पहले ही ओवर में जीवनदान मिला

मुकाबले की बात करें तो कठिन लक्ष्य के सामने पहले ही ओवर में कोहली के खिलाफ मोहम्मद सिराज ने मौका भी बनाया था, लेकिन मिडविकेट पर वॉशिंगटन सुंदर से कोहली का कैच छूट गया। उस समय कोहली का खाता भी नहीं खुला था, लेकिन यह जीवनदान GT को भारी पड़ा। सिराज (1-25) ने जैकब बेथेल (14 रन, 10 गेंद, तीन चौके) को जल्दी ही पैवेलियन जरूर लौटाया, लेकिन पडिक्कल ने आते ही आक्रमण शुरू कर दिया और जल्द ही कोहली भी लय में आ गए।

विराट व पडिक्कल ने सिर्फ 59 गेंदों पर तोड़ दिए 115 रन

कोहली अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन उनसे पहले पडिक्कल ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। दोनों बल्लेबाज़ों के बीच दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 59 गेंदों पर 115 रनों की साझेदारी हुई। राशिद खान (2-49) ने 13वें ओवर में 141 के योग पर पडिक्कल को बोल्ड किया। वहीं अपने शतक से 19 रन दूर कोहली अगले ही ओवर में जेसन होल्डर (1-35) की गेंद पर पुल करने के प्रयास में वह बोल्ड हो गए।

स्कोर कार्ड

हालांकि RCB तब तक मुक़ाबले में काफी आगे हो चुकी थी। राशिद और मानव सुथार (1-49) ने जितेश शर्मा (10 रन, छह गेंद, एक छक्का, एक चौका) और कप्तान रजत पाटीदार (आठ रन, पांच गेंद, एक छक्का) को चलता कर मुकाबले में रोमांच पैदा करने का प्रयास किया, लेकिन क्रुणाल और टिम डेविड (नाबाद 10 रन, नौ गेंद, एक छक्का) RCB को जीत दिलाकर ही पैवेलियन लौटे।

आईपीएल में तीव्रतम दो हजारी बने साई सुदर्शन

इससे पहले साई सुदर्शन ने शुभमन गिल के साथ मिलकर GT को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। हालांकि पावरप्ले में मेहमानों के 57 रनों में से 46 रन अकेले साई सुदर्शन ने बनाए थे और गिल ने बस सात गेंदों का ही सामना किया था, जिसमें उन्होंने नौ रन बटोरे थे। साई सुदर्शन ने इस मुकाबले में IPL में 2000 रन भी पूरे किए और वह IPL में पारियों के लिहाज से सबसे तेज (47 पारी) दो हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। इस क्रम में उन्होंने क्रिस गेल (48 पारी) को पीछे छोड़ा।

साई व शुभमन के बीच 76 गेंदों पर 128 रनों की साझेदारी

इसी क्रम में पहले विकेट के लिए गिल व साई सुदर्शन के बीच 76 गेंदों पर 128 रनों की साझेदारी हुई और GT के लिए एक बड़े स्कोर की आधारशिला रखी जा चुकी थी। हालांकि साई ने 57 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे धीमा शतक था। हालांकि वह क्रिस गेल (2011-13) के बाद लगातार तीन IPL सीजन में शतक लगाने वाले मात्र दूसरे बल्लेबाज भी बने।

सुदर्शन को जोश हेजलवुड ने 16वें ओवर में शिकार बनाया और 18वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने जोस बटलर (25 रन, 16 गेंद, एक छक्का, दो चौके) को भी लौटा दिया। वहीं सुदर्शन के आउट होने के बाद अगले तीन ओवर में गुजराती टीम मात्र 17 रन ही बना सकी थी।

हालांकि अंतिम ओवर डालने से पहले रसिख सलाम को मांसपेशियों में खिंचाव आया और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। दो गेंद डालने और एक छक्का खाने के बाद क्रुणाल को भी मांसपेशियों में दिक्कत महसूस हुई, जिसके चलते खेल एक बार फिर रुक गया। फिलहाल जेसन होल्डर (नाबाद 23 रन, 10 गेंद, दो छक्के, एक चौका) ने इस ओवर में आगे एक चौका व एक छक्का और लगाया और वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 19 रन, 12 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने अपनी टीम को 200 के पार पहुंचाया।

शनिवार के मैच : दिल्ली कैपिटल्स बनाम पंजाब किंग्स (दिल्ली, अपराह्न 3.30 बजे)। राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (जयपुर, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version