Site icon hindi.revoi.in

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को वायरल रेस्पिरेटरी इंफेक्शन, सर गंगा राम अस्‍पताल में भर्ती

Social Share

नई दिल्ली, 4 जनवरी। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुधवार को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्‍हें वायरल रेस्‍प‍िरेटरी इन्‍फेकशन है। कांग्रेस सूत्रों ने यह जानकारी दी है। अस्पताल में भर्ती कराने के समय सोनिया गांधी की पुत्री प्रियंका गांधी वाड्रा भी उनके साथ थीं।

सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी श्वास संबंधी संक्रमण से पीड़ित रही हैं। उनकी तबीयत मंगलवार से खराब थी। इस कारण राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के प्रवेश करने पर सात किलोमीटर चलने के बाद मंगलवार शाम दिल्ली लौट आए थे।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ आज सुबह छह बजे बागपत के मवीकलां से फिर शुरू हुई। हालांकि, प्रियंका गांधी बुधवार की सुबह राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में शामिल नहीं हुईं। उनके दोपहर बाद इस यात्रा में शामिल होने की संभावना है।

अस्पताल ने बाद में उनकी सेहत पर हेल्थ बुलेटिन जारी की। अस्पताल के प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ अजय स्वरूप ने कहा, ‘सोनिया गांधी को आज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें डॉ. अरूप बसु और उनकी टीम की देखरेख में डिपार्टमेंट ऑफ चेस्‍ट मेडिसिन में रखा गया है।’

Exit mobile version