Site icon hindi.revoi.in

ड्रग माफिया की एनकाउंटर के बाद मेक्सिको में भड़की हिंसा, भारतीय दूतावास ने जारी किया परामर्श

Social Share

नई दिल्ली, 23 फरवरी। भारत ने मेक्सिको में रह रहे अपने नागरिकों को सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और “कानूनी गतिविधियों के आसपास के क्षेत्रों” से दूर रहने की सलाह जारी की है। यह परामर्श मेक्सिको पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक कुख्यात ड्रग माफिया के मारे जाने के बाद भड़की हिंसा के मद्देनज़र दिया गया है। मारे गए ड्रग माफिया की पहचान नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वांटेस उर्फ ‘एल मेंचो’ के रूप में हुई है, जो जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल का सरगना था। वह सैनिकों के साथ मुठभेड़ में घायल हुआ था। मेक्सिको सिटी ले जाते समय उसकी मौत हो गयी। इसके बाद कई इलाकों में हिंसक घटनाएं सामने आईं।

भारतीय दूतावास द्वारा जारी परामर्श में कहा गया है कि भारतीय नागरिक ऐसी जगहों से दूर रहें जहां विधिक एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। अपने आसपास के माहौल के प्रति सजग रहें, सुरक्षित स्थान पर शरण लें और अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। परामर्श में कहा गया, “वर्तमान में सुरक्षा अभियान चल रहे हैं और उनसे जुड़े सड़क अवरोध तथा आपराधिक गतिविधियां सामने आ रही हैं। जालिस्को राज्य (पुएर्तो वल्लार्टा, चापाला और ग्वाडलहारा क्षेत्र), तामाउलिपास राज्य (रेनोसा और अन्य नगरपालिकाएं), मिचोआकान राज्य, गुएरेरो राज्य और नुएवो लियोन राज्य में रहने वाले भारतीय नागरिक अगले आदेश तक अपने स्थान पर ही रहें।”

सलाह में लोगों से कहा गया कि वे स्थानीय मीडिया से जानकारी लेते रहें, स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और आपात स्थिति में 911 पर कॉल करें। भीड़-भाड़ से बचें तथा फोन, संदेश या सोशल मीडिया के माध्यम से अपने परिवार और मित्रों को अपनी स्थिति की जानकारी देते रहें। सहायता के लिए भारतीय दूतावास से 52 55 4847 7539 पर संपर्क किया जा सकता है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2023 के अंत तक मेक्सिको में भारतीय समुदाय की अनुमानित संख्या लगभग 8,000 से 10,650 के बीच है। वर्ष 2020 की जनगणना में 1,825 वैध भारतीय प्रवासियों की पहचान की गयी थी, हालांकि पर्यटन, व्यापार और ट्रांजिट प्रवास में वृद्धि के कारण कुल संख्या में उतार-चढ़ाव बना रहता है।

Exit mobile version