Site icon hindi.revoi.in

मैक्सिको : ड्रग्स किंग ‘एल मेंचो’ के एनकाउंटर के बाद भड़की हिंसा, कार्टेल मेंबर्स ने गैस स्टेशन फूंका

Social Share

मैक्सिको, 23 फरवरी। उत्तर अमेरिकी देश मैक्सिको में सबसे बड़े ड्रग्स माफिया नेमेसियो ‘एल मेंचो’ ओसेगुएरा के एनकाउंटर के बाद पूरे देश में हिंसा भड़क उठी है और भारी हथियारों से लैस ड्रग कार्टेल के सदस्यों लगातार तांडव कर रहे हैं। इसी क्रम में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें हथियारों से लैस ड्रग कार्टेल के सदस्यों को एक गैस स्टेशन पर हमला करते और उसे आग के हवाले करते देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने मैक्सिको में सुरक्षा व्यवस्था और कार्टेल के बढ़ते दुस्साहस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

सिर्फ 31 सेकेंड की वीडियो क्लिप में हमले की पूरी वारदात साफ नजर आ रही है। चार नकाबपोश हमलावर एक सफेद कार में गैस स्टेशन पहुंचते हैं। उस वक्त वहां दो कर्मचारी और एक ग्राहक मौजूद थे। कार से उतरते ही हमलावरों ने अपनी बंदूकें कर्मचारियों पर तान दीं और उन्हें वहां से भागने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद दो हमलावरों ने पेट्रोल पाइप का इस्तेमाल कर पूरे इलाके में ईंधन छिड़क दिया। एक शख्स ने माचिस जलाकर वहां आग लगा दी, जिससे पूरा स्टेशन धू-धू कर जल उठा। वारदात को अंजाम देकर हमलावर तुरंत फरार हो गए।

ड्रग्स माफिया अल मेंचोकी मौत से बढ़ा तनाव

बताया जा रहा है कि ‘जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल’ (CJNG) के प्रमुख ‘एल मेंचो’ की मौत के बाद यह हिंसा भड़की है। 59 वर्षीय ओसेगुएरा, जिस पर अमेरिका ने 1.5 करोड़ डॉलर का ईनाम रखा था, जलिस्को राज्य के तपालपा में सेना के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया।

 

सेना ने इस छापेमारी के दौरान रॉकेट लॉन्चर जैसे खतरनाक हथियार बरामद किए हैं, जो विमानों को गिराने और बख्तरबंद गाड़ियों को नष्ट करने की क्षमता रखते हैं। ‘अल मेंचो’ की मौत को ‘अल चापो’ की गिरफ्तारी के बाद मैक्सिकन ड्रग्स माफियाओं के लिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है।

सड़कों पर पसरा सन्नाटा

अपने नेता की मौत की खबर मिलते ही कार्टेल के सदस्यों ने मैक्सिको के कई हिस्सों में आतंक मचा दिया है। गुआडालाजारा जैसे बड़े शहरों में सड़कों को ब्लॉक कर दिया गया है, वाहनों और व्यवसायों को आग लगाई जा रही है। स्थिति इतनी खराब है कि स्कूल और दुकानें बंद कर दी गई हैं और लोग घरों में छिपने को मजबूर हैं। सरकार ने पूरे देश को हाई अलर्ट पर रखा है क्योंकि कार्टेल सदस्य सेना की इस काररवाई का बदला लेने के लिए जगह-जगह हिंसा कर रहे हैं।

Exit mobile version