Site icon Revoi.in

पेरिस ओलम्पिक : विनेश फोगाट का करिश्माई प्रदर्शन, ओलम्पिक व विश्व चैम्प‍ियन जापानी मल्ल सुसाकी का अजेय क्रम तोड़ा

Social Share

पेरिस, 6 अगस्त। स्टार भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने पेरिस ओलम्पिक खेलों की कुश्ती स्पर्धा में मंगलवार को करिश्माई प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ ओलम्पिक व विश्व चैम्पियन जापानी मल्ल युई सुसाकी का अपराजेय क्रम तोड़ा वरन उसके बाद एक और जीत से फ्रीस्टाइल 50 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में जा पहुंचीं।

सुसाकी के खिलाफ विनेश ने अंतिम 10 सेकेंड में बाजी पलट दी

प्रसिद्ध फोगाट बहनों में एक विनेश ने चैंप-डी-मार्स एरिना में मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन व चार बार की विश्व चैम्पियन सुसाकी को 3-2 के अंतर से स्तब्ध कर दिया। इस मुकाबले में सुसाकी पहले आगे चल रही थीं, लेकिन अंतिम 10 सेकेंड में विनेश ने पूरी बाजी पलट दी।

यूक्रेन की लिवाच को हरा विनेश पहली बार सेमीफाइनल में

तीसरी बार ओलम्पिक में जोर आजमाइश कर रहीं 29 वर्षीया विनेश ने इसके बाद क्वार्टरफाइनल में पूर्व विश्व विजेता यूक्रेन की ओक्साना लिवाच को 7-5 से हराया और खुद को पदक से सिर्फ एक जीत के फासले पर ला खड़ा किया। विनेश ने पहले पीरियड में 2-0 की बढ़त ले ली। दूसरे पीरियड में लिवाच ने मजबूत वापसी की, लेकिन विनेश ने अपनी चुनौती बरकरार रखी और यूक्रेनी पहलवान को हरा दिया।

सेमीफाइनल में क्यूबाई लोपेज से होगी टक्कर

फोगाट आज रात ही सेमीफाइनल में क्यूबा की युस्नेलिस गुजमैन लोपेज से मुकाबला करेंगी, जिन्होंने क्वार्टर फाइनल में लिथुएनिया की गाबीजा डिलाइट को 10-0 से धराशायी किया।

सुसाकी को अंतरराष्ट्रीय करिअर में पहली बार हार का सामना करना पड़ा

जहां तक सुसाकी का सवाल है तो उन्हें अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में इसके पूर्व एक भी हार का सामना नहीं करना पड़ा था। यही वजह थी कि विनेश के लिए पहला राउंड पार करना कठिन माना जा रहा था। फिलहाल विनेश ने अंतिम क्षणों में पासा पलटते हुए उस मल्ल को पटखनी दे दी, जिसने टोक्यो 2020 में एक भी अंक गंवाए बिना स्वर्ण पदक जीता था।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विनेश का अब तक का प्रदर्शन

विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता और राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और एशियाई चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता विनेश इतिहास की सबसे सफल भारतीय पहलवानों में से एक हैं, लेकिन ओलम्पिक खेलों में उनका अब तक का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है।

रियो 2016 में विनेश ने 48 किग्रा फ्रीस्टाइल श्रेणी में डेब्यू किया था, लेकिन घुटने में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें क्वार्टरफाइनल मुकाबले से हटना पड़ा था। टोक्यो 2020 में 53 किग्रा में जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रहीं विनेश को एक बार फिर क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। फिलहाल तीसरे प्रयास में वह सेमीफाइलनल तक जा पहुंची हैं और उम्मीद की जानी चाहिए कि इस बार वह पदक लेकर स्वदेश लौटेंगी।