नई दिल्ली, 7 मई। चार दिन पहले ही भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाने वालीं ओलम्पियन विनेश फोगाट अब आगामी एशियाई खेलों के चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने के लिए WFI की ओर से जारी नए पात्रता मापदंड (एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया) में फंस गई हैं। इस एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया के हिसाब से फोगाट के लिए एशियाई खेलों में भागीदारी के दरवाजे लगभग बंद हो गए हैं।
2025-26 की स्पर्धाओं में पदक विजेता मल्ल ही ट्रायल्स में उतरने के पात्र
दरअसल ,WFI ने ट्रायल्स के लिए जो नए पात्रता मापदंड जारी किए हैं, उनमें कहा गया है कि एशियाई खेलों के चयन ट्रायल्स में सिर्फ वे पहलवान ही हिस्सा ले सकते हैं, जिन्होंने 2025 और 2026 की प्रतियोगिताओं में मेडल जीते हैं।
Less than a week before Vinesh Phogat was supposed to make her comeback to wrestling, WFI announces that the competition she is making her return in will not be considered for participation in the selection trials for Asian Games. Vinesh last competed at the 2024 Paris Olympics. pic.twitter.com/NzGxPmCiuw
— jonathan selvaraj (@jon_selvaraj) May 6, 2026
हरियाणा से मौजूदा कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट इस क्राइटेरिया के हिसाब से ट्रायल्स में भाग लेने की पात्र नहीं हैं क्योंकि पेरिस ओलम्पिक 2024 में निराशाजनक रूप से बाहर होने के बाद से उन्होंने किसी भी राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया है। महिला पहलवानों के लिए ये ट्रायल्स 30 मई को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में होने हैं।
नए पात्रता मापदंद में ये शर्तें शामिल :
- 12 से 14 दिसम्बर, 2025 तक गुजरात के अहमदाबाद में हुई 2025 सीनियर नेशनल रेसलिंग चैम्पियनशिप के सभी मेडल विजेता।
- 12 से 14 फरवरी, 2026 तक उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुए 2026 सीनियर फेडरेशन कप के सभी मेडल विजेता।
- 10 से 12 अप्रैल, 2026 तक छत्तीसगढ़ के भिलाई में हुई अंडर-20 नेशनल रेसलिंग चैम्पियनशिप के सभी मेडल विजेता।
WFI पर अड़ंगेबाजी का पहले ही आरोप लगा चुकी हैं फोगाट
वस्तुतः WFI का यह फैसला विनेश के उन डर को भी सही साबित करता है कि WFI हर वो मुमकिन कोशिश करेगा, जिससे फोगाट को ट्रायल्स में हिस्सा लेने से रोका जा सके। फोगाट पहले यह आरोप भी लगा चुकी है कि महासंघ उन्हें घरेलू सर्किट में वापसी करने से रोकने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने दावा किया था कि जब उन्होंने पहली बार नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के लिए रजिस्टर करने की कोशिश की थी तो फेडरेशन ने कोई जवाब नहीं दिया था। तब फोगाट ने कहा था, ‘मुझे उम्मीद है कि मैं नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में वापसी कर पाऊंगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन 30 अप्रैल तक खुला था। लेकिन, जब मैंने रजिस्ट्रेशन करने की कोशिश की, तो पोर्टल पर लिखा आया कि अब यह बंद हो चुका है।’

