Site icon hindi.revoi.in

विनेश फोगाट ने खारिज किया WFI का प्रतिबंध, बोलीं- ‘मेरे पास है संन्यास से वापसी की पात्रता’

Social Share

गोंडा, 11 मई। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के खिलाफ आमने-सामने की लड़ाई के लिए फिर तैयार ओलम्पियन विनेश फोगाट ने महासंघ की ओर से लागू प्रतिबंध को खारिज करते सोमवार को कहा कि वह संन्यास नहीं लेंगी और राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग लेंगी।

प्रतिबंध के बावजूद चयन ट्रॉयल्स स्थल पर पहुंचीं

डब्ल्यूएफआई के प्रतिबंध के बावजूद एशियाई खेल 2026 के निमित्त आज से यहां प्रारंभ चयन ट्रायल्स के आयोजन स्थल पर पहुंचीं विनेश ने पत्रकारों से कहा कि वह डब्ल्यूएफआई के कारण बताओ नोटिस का जवाब दे चुकी हैं और संन्यास से वापसी की पात्रता रखती हैं। वहीं महासंघ ने कहा कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक काररवाई पूरी होने तक वह टूर्नामेंट में भाग नहीं ले सकती।

राष्ट्रीय महासंघ ने इससे पहले कहा था कि विनेश 26 जून, 2026 तक घरेलू टूर्नामेंटों में भाग नहीं ले सकतीं क्योंकि डोपिंग रोधी नियमों के तहत संन्यास के वापसी के बाद उन्होंने छह महीने की अनिवार्य नोटिस अवधि पूरी नहीं की है। विनेश ने डब्ल्यूएफआई अधिकारियों से मिलने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘आप आखिर मुझसे क्या चाहते हैं? क्या मैं संन्यास लेकर परे हो जाऊं? हार मान लूं, ताकि मेरे खिलाफ उनकी साजिश कामयाब हो जाए।’

‘संन्यास के बाद वापसी के अपने फैसले से UWW को पिछले वर्ष जून में ही अवगत करा चुकी हूं’

इससे पहले अयोध्या हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद विनेश ने डब्ल्यूएफआई के कारण बताओ नोटिस का जवाब दिया। उन्होंने दावा किया कि विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) की संहिता का रिटायर्ड खिलाड़ियों से जुड़ा नियम 5.6.1 उन पर लागू नहीं होता क्योंकि वह जून में ही युनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) को संन्यास के बाद वापसी के अपने फैसले से अवगत करा चुकी हैं।

यूडब्ल्यूडब्ल्यू के नियमों के अनुसार संन्यास से वापसी करने वाले खिलाड़ी को कम से कम छह महीने पहले उसे सूचित करना जरूरी है जबकि इस दौरान टेस्ट के लिए भी उपलब्ध रहना होगा। विनेश ने अपने जवाब में कहा कि उन्होंने यूडब्ल्यूडब्ल्यू को पहले ही अपनी वापसी की जानकारी दे दी थी लिहाजा प्रक्रियागत जरूरतें वह पूरी कर चुकी हैं।

‘WFI को भी पिछले वर्ष 12 दिसम्बर को वापसी की सूचना दे चुकी हूं

उन्होंने कहा कि वह डब्ल्यूएफआई को पिछले वर्ष 12 दिसम्बर को ही सूचित कर चुकी थी कि वह वापसी करना चाहती हैं । उन्होंने कहा, ‘मुझे कारण बताओ नोटिस देने के लिए छह महीने इंतजार क्यों किया गया और वह भी टूर्नामेंट से दो दिन पहले।’ उन्होंने एक छोटा जवाब दे दिया है और 14 दिनों के भीतर पूरा जवाब देंगी।

महासंघ ने कहा – अनुशासनात्मक काररवाई पूरी होने तक फोगाट स्पर्धा में भाग नहीं ले सकती

वहीं डब्ल्यूएफआई सूत्रों ने हालांकि कहा कि महासंघ उनके जवाब से संतुष्ट नहीं है और उसका मानना है कि विनेश ने सिर्फ पात्रता के पहलू पर जवाब दिया है जबकि उनके खिलाफ लगाये गए अनुशासनहीनता के आरोपों का जवाब वह नहीं दे सकी हैं।

महासंघ के एक सूत्र ने कहा, ‘उनका जवाब पूरा नहीं है। उन्होंने पूरे कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं दिया है । जब तक अनुशासनात्मक काररवाई पूरी नहीं हो जाती, वह भाग नहीं ले सकती। हम उन्हें यहां आने से नहीं रोकेंगे, लेकिन हर मसले पर पूरा स्पष्टीकरण मिलने तक उन्हें इंतजार करना होगा।’

Exit mobile version