Site icon Revoi.in

वयोवृद्ध कांग्रेस नेता पंडित सुखराम का निधन, ब्रेन स्ट्रोक के बाद एम्स दिल्ली में चल रहा था इलाज

Social Share

नई दिल्ली, 11 मई। वयोवृद्ध कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम का 95 वर्ष की उम्र में मंगलवार को मध्यरात्रि के आसपास निधन हो गया। पं. सुखराम को गत चार मई को ब्रेन स्ट्रोक के बाद हिमाचल प्रदेश के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन फिर कुछ उन्हें एयरलिफ्ट करके दिल्ली लाया गया और एम्स में भर्ती किया गया था। उन्हें गत सात मई से वेंटिलेटर पर रखा गया था।

पंडित सुखराम के निधन की पुष्टि उनके बेटे अनिल शर्मा ने की। वहीं दिवंगत नेता के बड़े पोते आश्रय शर्मा ने भी फेसबुक पोस्ट में दादा के निधन की जानकारी दी थी। मंगलवार रात को उन्होंने लिखा, ‘अलविदा दादाजी, अब नहीं बजेगी फोन की घंटी।’ आश्रय शर्मा ने दादा संग अपने बचपन की एक तस्वीर भी शेयर की।

मंडी (हिमाचल प्रदेश) से लोकसभा सांसद पंडित सुखराम वर्ष 1993-1996 के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री, संचार (स्वतंत्र प्रभार) के पद पर रहे। वह पांच बार विधानसभा सदस्य और तीन बार लोकसभा सदस्य रहे। वहीं सुखराम के बेटे अनिल शर्मा मंडी से बीजेपी विधायक हैं।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे हिमाचल प्रदेश कांग्रेस महासचिव आश्रय शर्मा से फोन पर बात करके उनके दादा की तबीयत के बारे में जानकारी ली थी। बीते दिनों सोशल मीडिया पर पंडित सुखराम के निधन की झूठी खबरें वायरल हुई थीं, जिसके बाद उनके पोते अभिनेता आयुष शर्मा (सलमान खान के बहनोई) ने इसका खंडन किया था।