Site icon hindi.revoi.in

छत्तीसगढ़ हादसा : वेदांता पावर प्लांट ने किया मुआवजे का एलान, मृतकों के परिजनों को नौकरी भी मिलेगी

Social Share

सक्ती (छत्तीसगढ़), 14 अप्रैल। छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के सिंघीतराई में स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर हुए बॉयलर ब्लास्ट के बाद देर रात तक 12 मजदूरों की मौत हो चुकी थी। वहीं कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतकों के परिजनों को 35 लाख और घायलों को 15 लाख मिलेंगे

इस हादसे के बाद अब प्लांट प्रबंधन ने मुआवजे का एलान किया है। प्लांट ने मृतकों के परिजनों को 35 लाख और घायलों के परिवार को 15 लाख रुपये देने की घोषणा की है। वेंदाता ग्रुप ने इसके अलावा मृतकों के परिवार को स्थायी नौकरी देने की घोषणा भी की है।

साय सरकार ने भी की मुआवजे की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करने के साथ मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। साथ ही, हादसे में घायल हुए श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि उन्हें तत्काल राहत और संबल मिल सके।

सीएम विष्णुदेव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों के समुचित एवं निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पीएम मोदी ने जताया दुख, आर्थिक मदद का एलान

उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मुआवजे की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक पावर प्लांट में हुई दुर्घटना दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। ईश्वर करे कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। PMNRF की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को तो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’

Exit mobile version