Site icon hindi.revoi.in

वैष्णो देवी यात्रा अस्थायी रूप से बंद, नवरात्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के लिए श्राइन बोर्ड का फैसला

Social Share

उधमपुर, 21 मार्च। कटड़ा में श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने चैत्र नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के चलते यह फैसला किया है।

गौरतलब है कि कटड़ा में बारिश का सिलसिला भी जारी है। पिछले तीन दिनों से लगातार मौसम बिगड़ा हुआ है, जिसके कारण मौसम में बदलाव आया और भवन पर सर्दी बढ़ गई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भारी भीड़ के बीच शनिवार को श्राइन बोर्ड ने अपराह्न चार बजे सभी यात्रा पंजीकरण केंद्र अस्थायी रूप से बंद कर दिए। इससे पहले तकरीबन 41 हजार श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

वहीं, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद है। पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। दर्शनी द्वार से लेकर भवन परिसर तक हर महत्वपूर्ण स्थान पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा आपदा प्रबंधन दल और श्राइन बोर्ड के सेवा मित्र भी लगातार श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे हुए हैं।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन (गुरुवार) रात 10 बजे तक लगभग 31,690 तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर में दर्शन किए और मंदिर में मत्था टेका। नौ दिवसीय नवरात्र उत्सव 19 मार्च को भव्य रूप से शुरू हुआ। अधिकारियों को प्रतिदिन 30,000 से अधिक तीर्थयात्रियों के आने की उम्मीद है।

15 हजार लोगों ने करवाया रजिस्ट्रेशन

ताजे फूलों से सजाए गए और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते इस गुफा मंदिर में तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को यात्रा के लिए 15,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया, जबकि सुबह से ही सैकड़ों लोग दर्शन के लिए भवन की ओर उमड़ पड़े।

इसके पहले गुरुवार को भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु ‘जय माता दी’ का जाप करते हुए त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर तक घुमावदार मार्ग पर चलकर दर्शन करने और देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे।

Exit mobile version