Site icon hindi.revoi.in

ICC अंडर-19 विश्व कप : वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में रचा इतिहास, विस्फोटक शतक से तोड़े कई रिकॉर्ड

Social Share

हरारे, 6 फरवरी। किशोरवय विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार को यहां इंग्लैंड के खिलाफ ICC अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इतिहास रचा, जब उन्होंने हरारे स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर विस्फोटक शतकीय प्रहार (175 रन, 80 गेंद, 15 छक्के, 15 चौके) के बीच कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।

भारत ने खड़ा किया फाइनल का सर्वोच्च स्कोर (9-411)

पांच बार के चैम्पियन व लगातार छठा व कुल 10वां फाइनल खेलने उतरे भारत ने वैभव की इस धमाकेदार पारी के अलावा अन्य बल्लेबाजों के कड़ियल प्रहारों से 50 ओवरों में नौ विकेट पर 411 रनों का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया। यह अंडर-19 विश्व कप का सर्वोच्च स्कोर है।

अंडर-19 विश्व कप के तीव्रतम शतकवीर और सर्वोच्च स्कोरर

सिक्के की उछाल जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की पारी शुरू करने वाले वैभव ने सिर्फ 55 गेंदों पर सैकड़ा ठोकने के साथ न सिर्फ अंडर-19 विश्व कप फाइनल के तीव्रतम शतकवीर बने वरन उन्होंने फाइनल में सर्वोच्च निजी स्कोर का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इस क्रम में सूर्यवंशी ने फाइनल में सर्वाधिक 15 छक्कों के कीर्तिमान के अलावा टूर्नामेंट में सर्वाधिक 30 छक्कों का नया रिकॉर्ड भी स्थापित कर दिया।

अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक अपन नाम करने वाले वैभव ऐसे तीसरे भारतीय हैं, जिन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाया। इससे पहले उन्मुक्त चंद और मनजोत कालरा ही ऐसा कर पाए थे।

सूर्यवंशी ने आयुष व वेदांत संग कीं बड़ी भागीदारियां

शतकीय आंकड़े तक पहुंचने के क्रम में आठ चौके और आठ छक्के लगाने वाले 14 वर्षीय वैभव के 150 रन 71 गेंदों पर आ गए। वैभव ने इस दौरान कप्तान आयुष म्हात्रे (53 रन, 51 गेंद, दो छक्के, सात चौके) संग दूसरे विकेट के लिए 90 गेंदों पर 142 रनों की भागीदारी की।

स्कोर कार्ड

इसके बाद सूर्यवंशी व वेदांत त्रिवोदी (32 रन, 36 गेंद, तीन चौके) के बीच तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 39 गेंदों पर 89 रन जुड़ गए। वैभव की मैराथन पारी पर अंततः 26वें ओवर में विराम लगा, जब मैनी लम्सडेन ने उन्हें 252 के स्कोर पर विकेट के पीछे कैच कराया।

वेदांत-विहान व कुंडू-अम्बरीष के बीच भी अर्धशतकीय साझेदारियां

भारतीय पारी पर गौर करें तो वैभव-म्हात्रे और वैभव-वेदांत की के बीच बड़ी भागीदारियों के बाद भी दो अर्धशतकीय साझेदारियां हुईं। वेदांत व विहान मल्होत्रा (30 रन, 36 गेंद, दो चौके) ने चौथे विकेट के लिए 53 गेंदों पर 51 रन जोड़े तो अभिज्ञान कुंडू (40 रन, 31 गेंद, एक छक्का, छह चौके) व आरएस अम्बरीष (18 रन, 24 गेंद, दो चौके) ने 47 गेंदों पर 51 रनों की भागीदारी की।

कनिष्क चौहान ने दल को 400 के पार पहुंचाया

अंत में कनिष्क चौहान (नाबाद 37 रन, 30 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) अंतिम ओवर में 18 रन कूटते हुए दल को 400 रनों के पार पहुंचा दिया। जेम्स मिंटो (3-63) इंग्लैंड की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे। उनके अलावा सेबेस्टियन मोर्गन व एलेक्स ग्रीन ने दो-दो विकेट लिए।

Exit mobile version