Site icon Revoi.in

उत्तर प्रदेश सरकार का फैसला : अयोध्या में राम मंदिर जाने वाली सड़क का नाम होगा ‘कल्याण सिंह मार्ग’

Social Share

लखनऊ, 23 अगस्त। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को सम्मान देने के लिए राज्य सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं। इस क्रम में अयोध्या में राम जन्मभूमि परिसर तक जाने वाली सड़क का नाम ‘कल्याण सिंह मार्ग’ रखा जाएगा। राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी।

ज्ञातव्य है कि दिग्गज भाजपा नेता 89 वर्षीय कल्याण सिंह का लगभग डेढ़ माह तक इलाज के बाद गत शनिवार की रात लखनऊ के एसजीपीजीआई में निधन हो गया था। राम जन्मभूमि आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार आज अलीगढ़ जिले में स्थित उनके पैतृक गांव अतरौली के नरौरा में गंगा किनारे राजघाट पर किया जाना है।

अयोध्या सहित छह जिलों में कल्याण सिंह के नाम पर सड़कें केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट में कहा, ‘अयोध्या में राम जन्मभूमि परिसर जाने वाली सड़क का नाम कल्याण सिंह मार्ग होगा। पीडब्ल्यूडी को इस बाबत कागजी कार्यवाही जल्द पूरी करने को कहा गया है। अयोध्या के अलावा लखनऊ, अलीगढ़, एटा, बुलंदशहर और प्रयागराज में भी एक-एक सड़क का नाम कल्याण सिंह के नाम पर रखा जाएगा।

इसके साथ ही अलीगढ़ हवाई अड्डे का नाम भी कल्याण सिंह के नाम पर रखने का विचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि इसे लेकर कैबिनेट में जल्द फैसला हो सकता है।