Site icon hindi.revoi.in

उत्तर प्रदेश सरकार की घोषणा : होली के मौके पर दो दिन रहेगा सार्वजनिक अवकाश

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

लखनऊ, 16 मार्च। उत्तर प्रदेश सरकार ने रंगों के त्यौहार होली के अवसर पर दो दिनों के सार्वजनिक अवकाश का एलान किया है। बुधवार को यूपी सरकार की ओर से इस संबंध में एक अधिसूचना जारी की गई।

प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन ने जारी की अधिसूचना

राज्य के प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन जितेंद्र कुमार की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि राज्य में 18 और 19 मार्च को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। 18 मार्च को होली है जबकि सरकार की ओर से 19 मार्च को भी होली के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है।

सरकारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश में अब सरकारी स्‍कूल व दफ्तर 18 और 19 मार्च यानी शुक्रवार और शनिवार को बंद रहेंगे जबकि 20 मार्च को रविवार की साप्ताहिक बंदी है। यानी स्‍कूल व दफ्तर तीन दिनों के अवकाश के बाद सीधे 21 मार्च को ही खुलेंगे।

17 मार्च को भद्रा समाप्ति के बाद रात 12.57 बजे के बाद होलिका दहन

होलिकोत्सव के शास्त्रीय विधानों की बात करें तो होलिक दहन फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा की रात में होता है और इसमें प्रदोष व्यापिनी पूर्णिमा में भद्रा रहित रात्रि का मान होता है। काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के न्यासी पं. दीपक मालवीय ने बताया कि फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा 17 मार्च को दोपहर 1.03 बजे लग रही है, जो 18 मार्च को दोपहर 12.52 बजे तक रहेगी। 17 मार्च को भद्रा रात्रि 12.57 बजे तक रहेगी। इस समय भद्रा होने से होलिकादहन नहीं किया जाएगा।

भद्रारहित पूर्णिमा तिथि में रात्रि में होलिका दहन शुभ माना जाता है। ऐसे में 17 मार्च को भद्रा समाप्ति के बाद रात 12.57 बजे के बाद होलिका दहन किया जाएगा। होलिका दहन रात्रि में ही किया जाना चाहिए।

धर्म शास्त्र अनुसार होलिका दहन के बाद सूर्योदय काल व्यापिनी चैत्र कृष्ण प्रतिपदा में रंगोत्सव मनाया जाना चाहिए। इस वर्ष प्रतिपदा 18 मार्च को दोपहर 12.53 बजे लग रही है जो 19 मार्च को दोपहर तक है। इस तरह चैत्र कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा उदया तिथि में 19 मार्च को ही मिल रही है।

 

काशी में 18 मार्च को होली, अन्य स्थालों में 19 को होगा रंगोत्सव

अत: इसी दिन देशभर में होली मनाई जाएगी। हालांकि काशी में चतुषष्ठी यात्रा (चौसठ योगिनी परिक्रमा यात्रा) की परंपरा है। इसमें प्राचीन काल से होलिका दहन की अगली सुबह इस यात्रा का विधान है। अगली सुबह कोई भी तिथि हो, होली मनाई जाती है। इसलिए काशी में 18 मार्च को होली मनाई जाएगी। इससे इतर अन्य स्थानों पर शास्त्रीय विधान के अनुसार 19 मार्च को उदयातिथि में चैत्र कृष्ण प्रतिपदा मिलने पर होली होगी।

Exit mobile version