आगरा, 25 मई। भारत के चार दिवसीय दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो सोमवार को दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल का दीदार करने पहुंचे। उनके साथ पत्नी जेनेट डी. रुबियो, अमेरिका के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट गैब्रियल और भारत स्थित अमेरिकी दूतावास के राजदूत सर्जियो गोर भी थे।
सर्जियो गोर ने ताज के सामने खिंचवाई तीन तस्वीरें पोस्ट कीं। इनमें रुबियो दंपति और गैब्रियल को भी देखा जा सकता है। इन तस्वीरों के साथ गोर ने लिखा – मार्को रुबियो, जेनेट डी रुबियो और रॉबर्ट गैब्रियल के साथ आइकॉनिक ताजमहल पर वापस आकर शानदार अनुभूति हुई।’ उन्होंने ताजमहल को भारत की असाधारण विरासत और कारीगरी का अद्भुत प्रतीक बताया और कहा कि इसकी खूबसूरती हमेशा मंत्रमुग्ध कर देती है।
Wonderful to be back at the iconic Taj Mahal with @SecRubio, @jeanettedr4 and Robert Gabriel. A breathtaking symbol of India’s extraordinary heritage and craftsmanship. pic.twitter.com/ezoCNJ3l1C
— Ambassador Sergio Gor (@USAmbIndia) May 25, 2026
उल्लेखनीय है कि मार्को रुबियो चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत आए हैं। दौरे की शुरुआत उन्होंने कोलकाता से की फिर दिल्ली आए, जहां उनका कार्यक्रम का काफी व्यस्त रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अहम मुलाकात की और उन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ह्वाइट हाउस आने का न्योता दिया। रविवार को भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता काफी सफल रही।
आगरा के बाद आमेर महल देखने जयपुर पहुंचे
तीसरे दिन उन्होंने आगरा के बाद राजस्थान का रुख किया। पत्नी के साथ वह जयपुर स्थित आमेर महल घूमने गए, जहां उन्हें राजस्थान की संस्कृति और विरासत से रूबरू कराया गया। उनके आगमन के चलते आमेर महल को दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक के लिए आम पर्यटकों के लिए बंद रखा गया। रुबियो दोपहर करीब डेढ़ बजे विशेष विमान से आगरा से जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे।
मार्को रुबियो सोमवार को जयपुर में गुजारने के बाद मंगलवार की सुबह दिल्ली जाएंगे, जहां वह क्वाड बैठक में शामिल होंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और रणनीतिक मामलों में सहयोग को और मजबूत करना है।

