Site icon hindi.revoi.in

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से की बात, पत्रिका कवर पर पीएम के साथ अपनी तस्वीर भी शेयर की

Social Share

नई दिल्ली, 2 फरवरी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय समयानुसार सोमवार की रात बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की। कॉल से पहले, उन्होंने इंडिया टुडे पत्रिका के 19 जनवरी 2026 के एडिशन की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ थे। पत्रिका पर शीर्षक था ‘न्यूजमेकर्स ऑफ द ईयर 2025’, और सब हेडिंग थी ‘द मूवर एंड द शेकर’।

पत्रिका के कवर पेज पर लिखा था, ‘चुनावी जीत से मजबूत होकर, मोदी ने 2025 में अपने रिफॉर्म एक्सप्रेस को पूरी तेजी से आगे बढ़ाया, साथ ही उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पैदा की गई रुकावटों का भी सामना किया।’

हालांकि ट्रंप ने पोस्ट पर कोई कैप्शन नहीं दिया। दोनों नेताओं के बीच बातचीत की पुष्टि भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने की। उन्होंने X पर पोस्ट किया, ‘राष्ट्रपति ट्रंप ने अभी प्रधानमंत्री मोदी से बात की है। जुड़े रहें।’ हालांकि, उन्होंने इस फोन कॉल की प्रकृति के बारे में कुछ नहीं बताया।

ट्रंप ने WEF में भारत के साथ एक मजबूत ट्रेड डील का भरोसा जताया था

पिछले माह की शुरुआत में, वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने भारत के साथ एक मजबूत ट्रेड डील को लेकर भरोसा जताया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘शानदार आदमी’ कहा था।

डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर एक सवाल के जवाब में कहा था, ‘मुझे आपके प्रधानमंत्री के लिए बहुत सम्मान है। वह एक शानदार इंसान हैं और मेरे दोस्त हैं।’ बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील पर उन्होंने कहा था, ‘हमारी एक अच्छी डील होने वाली है।’

Exit mobile version