Site icon hindi.revoi.in

अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर किया हमला, तेहरान समेत कई शहरों में धमाके

Social Share

तेल अवीव/वॉशिंगटन/तेहरान, 28 फरवरी। अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर संयुक्त रूप से हमला कर दिया है। सबसे पहले इजराइल के रक्षा मंत्री ने घोषणा की कि ईरान पर ‘सतर्कता बरतते हुए पहले हमला’ किया गया है। इसके कुछ ही देर बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर आठ मिनट का एक वीडियो पोस्ट किया और पुष्टि की कि ईरान पर हमले में अमेरिका भी शामिल है।

इजराइली रक्षा मंत्री काट्ज और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने की हमलों की पुष्टि

इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने बयान जारी कर पूरे इजराइल में ‘विशेष और स्थायी आपातकाल स्थिति’ की घोषणा कर दी है। वहीं ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ने ईरान में ‘बड़ा युद्ध अभियान’ शुरू किया है। ट्रंप ने कहा, ‘हमारा लक्ष्य ईरानी शासन से उत्पन्न होने वाले खतरे को खत्म करके अमेरिकी लोगों की रक्षा करना है।’

राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में धमाकों की गूंज

उधर ईरानी समाचार एजेंसी फार्स न्यूज ने बताया कि तेहरान के डाउनटाउन में कई धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। एजेंसी ने तेहरान के डाउनटाउन में हुए तीन विस्फोटों की तस्वीरें प्रकाशित की हैं। समाचार एजेंसी ने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि कई मिसाइलें दानेशगाह स्ट्रीट और जम्हूरी क्षेत्र में गिरीं।

वहीं कई ईरानी समाचार एजेंसियों ने पुष्टि की है कि ईरान के विभिन्न शहरों में विस्फोटों की आवाजें सुनी गई हैं। तेहरान के अलावा, करमानशाह, कोम, लोरेस्तान, कराज और तबरीज उन शहरों में शामिल हैं, जहां इन मीडिया आउटलेट्स ने विस्फोटों की पुष्टि की है।

इजराइल व ईरान के हवाई क्षेत्र अगली सूचना तक के लिए बंद

इजराइली अधिकारियों का कहना है कि ईरान पर हमले के बाद शनिवार को उनके हवाई क्षेत्र को नागरिक उड़ानों के लिए बंद कर दिया गया है। इजराइली सेना ने घोषणा की कि उसने देशभर के कई इलाकों में हवाई हमले के सायरन बजाए हैं ताकि जनता को जवाबी काररवाई में इजराइल पर रॉकेट दागे जाने की संभावना के लिए तैयार किया जा सके। वहीं ईरान के नागरिक उड्डयन संगठन के प्रवक्ता माजिद अखवान ने घोषणा की है कि ‘पूरे देश का हवाई क्षेत्र अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है।’

आईडीएफ ने की अहम घोषणा

इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने एक ताजा एक्स पोस्ट में बताया है कि देश में जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी तरह की गतिविधियों पर रोक रहेगी। बयान में कहा गया है, ‘हालात का अंदाजा लगाने के बाद, यह तय किया गया कि आज (शनिवार) सुबह आठ बजे से होम फ्रंट कमांड गाइडलाइंस में तुरंत बदलाव किए जाएंगे।’

इजराइल के सभी इलाकों में सिर्फ जरूरी सेवाएं जारी रखने का फैसला

बयान के अनुसार, ‘इन बदलावों के तहत, देश के सभी इलाकों में केवल जरूरी सेवाएं जारी रखने का फैसला लिया गया है। इन गाइडलाइंस में जरूरी सेक्टर को छोड़कर, पढ़ाई-लिखाई, लोगों के इकट्ठा होने और काम की जगहों पर रोक लगाना शामिल है। आम लोगों को ऑफिशियल होम फ्रंट कमांड चैनल पर जारी गाइडलाइंस को मानना ​​होगा। पूरी गाइडलाइंस नेशनल इमरजेंसी पोर्टल और होम फ्रंट कमांड एप पर अपडेट की जाएंगी।’

Exit mobile version