झारखंड में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव घोषित: 23 फरवरी को मतदान और 27 फरवरी को मतगणना
रांची, 27 जनवरी। झारखंड राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) ने मंगलवार को स्थानीय निकायों के चुनाव की घोषणा कर दी। रांची सहित राज्य के 48 शहरी स्थानीय निकायों के लिए नगर निगम चुनाव 23 फरवरी को होंगे। मतगणना 27 फरवरी को होगी। राज्य चुनाव आयुक्त अलका तिवारी की ओर से इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी गई।
रांची सहित सभी 48 शहरी स्थानीय निकायों में एक ही चरण में वोटिंग
अधिसूचना में कहा गया, ‘राज्य में 48 शहरी स्थानीय निकायों के लिए मतदान 23 फरवरी को एक ही चरण में होगा।’ झारखंड में शहरी स्थानीय निकाय के चुनाव राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्नों पर नहीं लड़े जाते बल्कि उम्मीदवारों को इन पार्टियों का समर्थन प्राप्त होता है।
3 वर्ष के स्थगन के कारण सभी नगर निकाय प्रशासनिक नियंत्रण में
झारखंड उच्च न्यायालय ने इससे पहले स्थानीय निकाय चुनाव कराने में देरी को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की थी। तीन वर्ष के स्थगन के कारण सभी नगर निकाय वर्तमान में सरकारी अधिकारियों के प्रशासनिक नियंत्रण में हैं। आयोग ने नवम्बर, 2025 में उच्च न्यायालय के समक्ष औपचारिकताओं को पूरा करने और चुनाव के लिए अधिसूचना जारी करने के वास्ते आठ सप्ताह की समयसीमा का उल्लेख किया था।
उम्मीदवार इस बार पार्टी के चुनाव चिह्नों पर लड़ेंगे चुनाव
राज्य चुनाव आयुक्त अलका तिवारी ने बताया कि ये चुनाव एक ही चरण में होंगे, जिसमें राजनीतिक दलों द्वारा समर्थित उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि पार्टी चिह्नों पर चुनाव लड़ेंगे। यह निर्णय झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा स्थानीय निकाय चुनावों में सरकार की देरी की आलोचना के जवाब में लिया गया है।
