Site icon Revoi.in

यूपी : शिवपाल यादव ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- ‘2024 में इस क्रूर सरकार को हटाना जरूरी है’

Social Share

लखनऊ, 6 जून। समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव शिवपाल सिंह यादव यूपी के लखीमपुर खीरी में अपने दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम में पहुंचे। जहां पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, भाजपा क्रूर सरकार है, 2024 में इसे हटाना जरूरी है। दरअसल, शिवपाल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जहां पर पहुंचे और जनता को संबोधित किया। साथ ही अपने कार्यकर्ताओं में भी जोश भरा।

बता दें कि, सपा ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिए पार्टी लगातार जनता से संवाद कर रही है। इसी को लेकर शिवपाल सिंह लखीमपुर खीरी पहुंचे। जहां पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर तंज कसा।

उन्होंने कहा कि, जिसका प्रमुख व्यक्ति बड़ी कुर्सी पर बैठा हो और सबसे नीचे अगर मजदूरी भी करने वाला है तो उसमें अंतर नहीं होना चाहिए, लेकिन आज यह देखने को मिल रहा है कि सरकार ने कहा था, किसान की आय दोगुनी कर देंगे लेकिन हुआ नहीं। किसान के बेटे है, मेहनत-मजदूरी करने वाले लोग हैं क्या इनकी आय बढ़ी उल्टा कम और होती चली गई। ये लोग ढोंग करने का काम कर रहे हैं, यह लोग झूठी ट्रेनिंग लेते हैं, बीजेपी के लोगों ने झूठ बोल-बोलकर देश को बहुत पीछे कर दिया।

वहीं, शिवपाल यादव ने कहा कि अपनी बातों को जनता तक पहुंचाएं, किसी से डरने की जरूरत नहीं है। जहां पर भी अत्याचार-अन्याय हो वहां समाजवादियों की आवाज पहुंचनी चाहिए। इसी दौरान उन्होंने कहा कि, यह लोग झूठ बोलेंगे, यह इतनी क्रूर सरकार है इतना अत्याचार इतने अन्याय हैं, हम लोग क्या सुनते रहेंगे।

इतने लोगों के खिलाफ झूठे मुकदमे लगाए गए हैं, अधिकारियों के बल पर इतनी बेईमानी खुलेआम हो रही है और संविधान की कसम खाते हैं भगवान की कसम खाते हैं सब झूठ बोलते हैं, चुनाव में बेईमानी करते हैं इतना झूठ बोलकर इन लोगों ने देश का नुकसान किया है। 2024 में बीजेपी की क्रूर सरकार को हटाना बहुत जरूरी हो गया है।