Site icon hindi.revoi.in

UP IAS Transfer: योगी सरकार ने किए 23 आईएएस अधिकारियों का तबादले, गोरखपुर-नोएडा समेत 10 जिलों के बदले DM

Social Share

लखनऊ, 29 जुलाई। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने सोमवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इसमें कई जिलाधिकारी, 1 मंडलायुक्त और कई सचिव पद पर अपनी सेवाएं दे रहे अफसर शामिल हैं।

इस प्रशासनिक फेरबदल में गौतमबुद्धनगर को भी नया जिलाधिकारी मिला है। अभी तक कासगंज में बतौर डीएम सेवाएं दे रहीं IAS मेधा रूपम, गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी की कमान संभालेंगी। गौतमबुद्धनगर में यह उनकी दूसरी पोस्टिंग है। इससे पहले वह वर्ष 2023 से 24 तक ग्रेटर नोएडा में सेवारत थीं।

डीएम के अलावा जिले को एक और नया अधिकारी मिला है। सीएम योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर के जिलाधिकारी का जिम्मा संभाल रहे IAS कृष्णा करुणेश अब नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी होंगे।

10 जिलों के DM बदले गए

गोरखपुर, प्रयागराज, गाजियाबाद, बहराइच, नोएडा और गोंडा समेत 10 जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं। गोरखपुर के DM कृष्णा करुणेश को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। गाजियाबाद के डीएम दीपक मीणा को गोरखपुर का नया DM नियुक्त किया गया है। प्रयागराज के जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मंडर को गाजियाबाद का DM बनाया गया है, जबकि गौतमबुद्धनगर के डीएम मनीष कुमार वर्मा अब प्रयागराज की कमान संभालेंगे। कासगंज की जिलाधिकारी मेधा रूपम को गौतमबुद्धनगर का नया DM बनाया गया है।

अयोध्या मंडल में भी बदलाव

अयोध्या मंडलायुक्त गौरव दयाल को गृह विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी जगह राजेश कुमार, जो पहले गृह एवं सतर्कता विभाग के सचिव थे उनको अयोध्या का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। इसके अलावा, गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा को प्रभारी महानिरीक्षक, निबंधन का कार्यभार सौंपा गया है। वहीं बहराइच की डीएम मोनिका रानी को विशेष सचिव, बेसिक शिक्षा विभाग और अपर महानिदेशक, स्कूल शिक्षा के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है।

Exit mobile version