Site icon Revoi.in

यूपी : लखनऊ के होटल में लगी भीषण आग, एक की मौत, तीन की हालत गंभीर

Social Share

लखनऊ, 9 दिसंबर। लखनऊ में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। चारबाग के होटल रंगोली के बेसमेंट में बने बेस्ट बिरियानी रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। हादसे में एक युवक की जलकर मौत हो गई। वहीं 3 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

होटल में उस वक्त 7 लोग ठहरे थे। सभी नासिक से शादी में शामिल होने आए थे। घटना रात साढे 9 बजे की है। 11 बजे तक धुआं और लपटें दूर तक देखी गईं। आग लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मी मौके पहुंचे। 2 घंटे में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि हादसा गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण हुआ। पुलिस-अग्निशमन की टीम मौके पर जांच कर रही है।

ADCP मध्य राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि चारबाग स्थित कबीर होटल है। इसके एक पार्ट में रंगोली होटल भी बना है। रंगोली के बेसमेंट में बेस्ट बिरयानी के नाम से रेस्टोरेंट है। जिसमें अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में आग पर काबू पाने के लिए टीम लग गई। कबीर होटल में लगे उपकरणों से आग पर काबू पाने की स्टाफ ने कोशिश की। इसके साथ ही दमकल को सूचना दी गई।

ADCP ने बताया कि हादसे में रेस्टोरेंट में बिरयानी खाने आए लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां नासिक निवासी प्रकाश सुधाकर दात्रे (30) को मृत घोषित कर दिया। उनके साथी अनीस शेख उर्फ बादशाह समेत 3 लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। उनका इलाज चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी। CFO मंगेश कुमार ने बताया कि रेस्टोरेंट के ऊपर बने होटल के फायर उपकरण होने से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।