Site icon Revoi.in

यूपी के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा बोले – चुनाव में विकास ही होगा भाजपा का मुद्दा, विपक्षी दलों के पास कोई मुद्दा नहीं

Social Share

सीतापुर, 20 नवंबर। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम डॉक्टर दिनेश शर्मा ने कहा है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का मुख्य मुद्दा विकास ही होगा जबकि विपक्ष के पास कोई मुद्दा ही नहीं है। शनिवार को एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत करने आए सीतापुर आए उप मुख्यमंत्री ने  लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस अफसरों के साथ बैठक से पूर्व पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘हिन्दू संस्कृति में सीतापुर व नैमिषारण्य का महत्व पूरे विश्व में है। लखनऊ के करीब होने के कारण इसकी महत्ता और बढ़ जाती है।

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा  कि आज पूरे प्रदेश में विकास की अवधारणाएं तेजी से लागू हुई हैं। गांवों में 18 से 22 घंटे और शहर में 24 घंटे बिजली आ रही है। माध्यमिक के 250 स्कूल व 77 डिग्री कालेज बन चुके हैं। पांच-पांच एक्सप्रेस वे का निर्माण अंतिम छोर पर है। पांच-छह शहरों में मेट्रो चल रही है। योगी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। आने वाले चुनाव में विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा का मुद्दा विकास है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि अन्य लोगों का मुद्दा परिवार वाद, क्षेत्र व संप्रदायवाद, जातिवाद पर है। वह इन के आधार पर चुनाव को बदलने की कल्पना कर रहे हैं, लेकिन यह बदला हुआ उत्तर प्रदेश व भारत है। सबसे अच्छा यदि कहीं मोदी व योगी का समन्वय है, तो वह उत्तर प्रदेश में है। आज 22 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था यूपी की बन चुकी है। मोदी व योगी का अभूतपूर्व योगदान रहा है। कृषि कानून के वापस लिए जाने को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कृषि कानून वापस लिया, लेकिन किसानों के हित के प्रति जो नीति व नियति है, उसकाे वापस नहीं लिया। दृढ़ता के साथ सरकार ने किसानों की आमदनी दोगुना करनी जो शुरूआत की थी, उसे तेज किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि  सरकार किसानों को समय से खाद मुहय्या करा रही है। खाद, बिजली, पानी, सड़क, बिजली कनेक्शन, आवास, शौचालय, सम्मान राशि, गैस कनेक्शन, गरीबों को एक हजार रुपए, गरीबों को खाद्यान्न, कोरोना में महिलाअों के जनधन खातों में 15 सौ रुपए जाना, यह और तेज किया जाएगा। विपक्षी जिन्ना को ले आए, इसके जवाब में डिप्टी सीएम बोले कि, विपक्ष के पास विकासवाद के नाम पर कोई मुद्दा नहीं है। हमने शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था जैसे क्षेत्र में चहुमुखी काम किया है। आज विपक्षी विकास के नाम पर बहस नहीं कर सकते। आने वाले चुनाव में भाजपा का मुद्दा फिर से विकास ही होगा।

चुनाव में भाजपा की सीटों के सवाल पर बोले, भाजपा अपना पिछला रिकार्ड स्वयं तोड़ेगी। भाजपा की लड़ाई किससे है, सवाल पर बोले, अन्य विपक्षी दलों की लडाई आपस में एक दूसरे से है। सपा की बसपा से, बसपा की कांग्रेस से, कांग्रेस की इन दोनों से मुकाबला है। बीजेपी से किसी का मुकाबला नहीं है। जिन्ना के नाम के सवाल पर बोले, अब ये सब पुरानी बाते हैं। यह जुमले पुराने हो चुके हैं। अब इन सबका कोई स्थान नहीं है। प्रदेश की राजनीति में संप्रदायिकता व जातिवाद का कोई स्थान नहीं।

कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में किसानों की मौतों के सवाल का जवाब देते हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि यदि एक भी मौत हुई तो दुखद है। यह नहीं होनी चाहिए थी। सरकार किसानों की बेहतरी के लिए कानून लाई थी। बड़ा वर्ग इसके समर्थन में है। लेकिन कुछ लोग सहमत नहीं थे। उनको देखते हुए सरकार ने यह कानून वापस लिया है। इसकी जो मूल भावना है कि किसानों का हित हो, तो किसान के हित चिंतन के प्रति सरकार हमेशा सजग रहेगी।