Site icon Revoi.in

यूपी के कार्यवाहक सीएम योगी ने दिल्ली में पीएम मोदी से की मुलाकात, नई सरकार के गठन को लेकर विचार मंथन

Social Share

नई दिल्ली, 13 मार्च। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन को दो तिहाई बहुमत से मिली जीत के बाद कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की और नई सरकार के गठन एवं स्वरूप को लेकर विचार विमर्श किया।

योगी आदित्यनाथ आज दोपहर गाज़ियाबाद के हिंडन हवाईअड्डे पर पहुंचे और वहां से दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष से मिलने उनके नौ अशोक रोड स्थित आवास पर पहुंचे। इसके बाद तीन बजे उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू से भेंट की।

योगी आदित्यनाथ शाम पांच बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने उनके 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर पहुंचे। प्रधानमंत्री से मुलाकात के तुरंत बाद योगी आदित्यनाथ की भेंट भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से हुई। रात में उनकी भेंट केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से होनी है।

गौरतलब है कि राज्य विधानसभा चुनाव में 37 वर्षों पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए भाजपा ने लगातार दूसरी बार दो तिहाई बहुमत से जीत हासिल की है। हालांकि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत 11 मंत्री पराजित हो गए हैं। योगी आदित्यनाथ की इस दिल्ली यात्रा का उद्देश्य नई सरकार के गठन एवं स्वरूप को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व से चर्चा करना है।

इस बाच 4 उप मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा

जानकारों का कहना है कि नई सरकार का शपथ ग्रहण होली के बाद होने की संभावना है। नई सरकार में जातीय एवं क्षेत्रीय संतुलन बैठाने की भी कवायद होगी। ऐसी भी चर्चा है कि इस बार चार उप मुख्यमंत्री बनाए जाने का विचार है, जो राज्य के विभिन्न हिस्सों का प्रतिनिधित्व करते हों।

उप मुख्यमंत्री की रेस में ये चेहरे प्रमुख रूप से शामिल

उप मुख्यमंत्री पद के लिए ब्राह्मण नेता के रूप में बृजेश पाठक अथवा मथुरा से निर्वाचित श्रीकांत शर्मा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं कुर्मी नेता स्वतंत्र देव सिंह और आगरा से चुनाव जीतीं जाटव समाज की श्रीमती बेबी रानी मौर्य का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। चूंकि श्री केशव प्रसाद मौर्य पार्टी में अन्य पिछड़े वर्ग के एक बड़े नेता हैं, उन्हें भी पुन: उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।

मंत्रियों के रूप में सतीश महाना एवं सुरेश खन्ना जैसे दिग्गज भी फिर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। सतीश महाना ने आठवीं बार विधानसभा चुनाव जीता है जबकि सुरेश खन्ना शाहजहांपुर से रिकॉर्ड 9वीं बार चुनाव जीत विधायक बने हैं। नोएडा से 1.81 लाख से ज्यादा वोटों से विजयी हुए पंकज सिंह, बुंदेलखंड में वरिष्ठतम विधायक झांसी नगर से लगातार तीसरी बार निर्वाचित रवि शर्मा का नाम भी संभावित मंत्रियों के रूप में लिया जा रहा है।