Site icon Revoi.in

यूपी उपचुनाव : मैनपुरी, रामपुर और खतौली में मतगणना जारी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Social Share

लखनऊ, 8 दिसंबर। यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट व रामपुर-खतौली विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ आज सुबह आठ बजे शुरू हो गई और दोपहर तक पर‍िणाम आने के आसार हैं।

वहीं अबतक के मिले रुझानों में मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में डिंपल यादव जसवंत नगर में 5536 वोट से आगे हैं। यहां दूसरे राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। रघुराज शाक्य को 3416 वोट मिले हैं। वहीं रामपुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के आसिम रजा ने बीजेपी के आकाश सक्सेना को पीछे कर दिया है।वहीं खतौली विधानसभा उपचुनाव में रालोद आगे है, पहले राउंड की काउंटिंग पूरी हो गयी है। यहां से मदन भैया गठबंधन के प्रत्याशी हैं। यहां अभी तक बीजेपी की राजकुमारी सैनी आगे चल रही थी।

भारत निर्वाचन आयोग ने तीनों सीटों पर निष्पक्ष, सुरक्षित व शांतिपूर्ण मगणना के लिए व्यापक इंतजाम और सुरक्षा व्यवस्था की है। तीनों सीटों पर भाजपा और समाजवादी पार्टी-राष्ट्रीय लोक दल गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है।

उपचुनाव की मतगणना को निष्पक्ष और पारदर्शी कराने के लिए प्रशासन ने मुकम्मल व्यवस्था की है। इसके लिए प्रशासन ने गाइडलाइन भी जारी कर दी है। इस बीच एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि, आज मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव, और रामपुर और खतौली विधानसभा उपचुनाव के लिए मतगणना होगी। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। ईवीएम को अर्धसैनिक बलों की सुरक्षा में रखा गया है।