Site icon hindi.revoi.in

यूपी : फर्रुखाबाद में बड़ा हादसा, गंगा दशहरा पर गंगा नहाने गये 10 लोगों की डूबकर मौत

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

फर्रुखाबाद, 10 जून। फर्रुखाबाद से बड़ी खबर सामने आई है। गंगा दशहरा पर गंगा नदी में स्नान करने गए 10 लोग डूब गए। हादसा अलग-अलग घाटों पर हुआ है। बताया जा रहा है कि स्नान करते वक्त 15 लोग डूबे थे। 5 लोगों को बचा लिया गया। पुलिस इन शवों की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।

जटवारा जदीद निवासी अमित यादव उर्फ बाबा (18) गुरुवार सुबह दोस्त दरीबा पश्चिम निवासी गोविंद यादव (17) के साथ पांचाल घाट पर गंगा में नहाने गया था। दोपहर तक जब दोनों घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने खोजबीन की। इनकी साइकिल पांचाल घाट पर मिली।

खोजबीन की गई, तो दोनों के शव नदी में बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि गोविंद और अमित की खोजबीन के दौरान गंगा में चार और शव बरामद हुए। इनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। इन शवों को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।

मैनपुरी के थाना दन्नाहार के गांव हमीरपुर निवासी राहुल कुमार (25), गांव के ही अनिल (22) और चाचा विनोद कुमार के साथ गंगा स्नान करने आए थे। राहुल और अनिल स्नान करने लगे और डूब गए। गोताखोरों ने खोजबीन कर अनिल और राहुल का शव गोताखोरों ने निकाला। चाचा विनोद की सूचना पर परिजन घाट पर पहुंचे और शव घर लेकर चले गए।

इसके अलावा, सलावत खां निवासी गौतम शाक्य, पड़ोस के ही रजत, रिंकू, आदित्य और अनिकेत के साथ स्नान कर रहे थे। पांचों गहरे पानी में चले गए। डूबने लगे, तो कुछ गोताखोरों और तैराकों ने पांचों को बचा लिया।

वहीं, गांव नगला खमानी निवासी हेमंत सिंह के बेटे बॉबी और बदायूं की नगर पंचायत अलापुर के वार्ड तीन निवासी रामकिशोर (36) अटैना घाट पर गंगा में डूब गए। गोताखोरों ने दोनों के शव बरामद कर लिए हैं।

Exit mobile version