Site icon hindi.revoi.in

यूएन प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने दिया संदेश – ‘विभाजित नहीं एकजुट दुनिया, 2025 को बनाएं नई शुरुआत का वर्ष’

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

न्यूयॉर्क, 31 दिसम्बर। संयुक्त राष्ट्र (UN) महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने नए वर्ष के लिए अपने संदेश में 2025 को ‘एक नई शुरुआत’ का वर्ष बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पूरे 2024 में आशा की किरण खोजना मुश्किल रहा। युद्धों के कारण पीड़ा, विस्थापन, असमानताएं और विभाजन देखने को मिला, जिससे तनाव और अविश्वास बढ़ रहा है।

दुनिया ने अभी-अभी घातक गर्मी का एक दशक सहा

यूएन प्रमुख गुटेरेस ने कहा कि दुनिया ने अभी-अभी घातक गर्मी का एक दशक सहा है और रिकॉर्ड में सबसे गर्म दस साल पिछले 10 वर्षों में आए हैं, जिनमें 2024 भी शामिल है। उन्होंने कहा, ‘यह रियल टाइम में जलवायु परिवर्तन है। हमें बर्बादी की इस राह से बाहर निकलना होगा और हमारे पास खोने के लिए समय नहीं है।’

दुनिया को एक सुरक्षित मार्ग पर ले जाने की देशों से अपील

गुटेरेस ने देशों से अपील की कि वे उत्सर्जन में कमी लाकर और नवीकरणीय भविष्य की ओर बदलाव का समर्थन करके दुनिया को एक सुरक्षित मार्ग पर ले जाएं। यह जरूरी है और संभव भी है। उन्होंने कहा, ‘यहां तक कि सबसे अंधेरे दिनों में, मैंने आशा की शक्ति को देखा है।’ उन्होंने प्रगति के लिए आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं और सबसे कमजोर लोगों की मदद करने के लिए बड़ी चुनौतियों को पार करने वाले मानवीय नायकों की सराहना की।

जलवायु न्याय के लिए लड़ रहे विकासशील देशों में भी आशा दिखाई देती है

एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि उन्हें वित्तीय और जलवायु न्याय के लिए लड़ रहे विकासशील देशों में भी आशा दिखाई देती है। उन्होंने यह भी कहा कि सितम्बर में अपनाया गया ‘फ्यूचर पैक्ट’ (भविष्य के लिए समझौता) एक नई पहल है, जिसका उद्देश्य निरस्त्रीकरण के माध्यम से शांति स्थापित करने, वैश्विक वित्तीय प्रणाली में सुधार लाने तथा मानवाधिकारों, अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर में निहित मूल्यों और सिद्धांतों का पालन करना है।

2025 को एक नई शुरुआत का वर्ष बना सकते हैं

गुटेरेस ने कहा, ‘2025 में क्या होगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है। लेकिन मैं उन सभी लोगों के साथ खड़ा होने की प्रतिज्ञा करता हूं, जो सभी के लिए अधिक शांतिपूर्ण, समान, स्थिर और स्वस्थ भविष्य बनाने के लिए काम कर रहे हैं। हम सब मिलकर 2025 को एक नई शुरुआत का वर्ष बना सकते हैं। दुनिया को विभाजित नहीं, बल्कि एकजुट राष्ट्रों के रूप में।’

Exit mobile version