Site icon Revoi.in

एमपी विधानसभा चुनाव : भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची से उमा भारती का नाम गायब

Social Share

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर। मध्य प्रदेश में अगले माह प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम शामिल हैं। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती का नाम सूची से गायब है।

लोगों का मानना है कि उमा भारती ने 2003 में राज्य में भाजपा को सत्ता में पहुंचाया था। तब से (दिसम्बर, 2018 से मार्च, 2020 तक की अवधि को छोड़कर जब राज्य में कांग्रेस की सरकार थी) भगवा पार्टी राज्य में शासन कर रही है।

उमा भारती बोलीं – मैंने सीएम चौहान को दे रखी है पावर ऑफ अटॉर्नी

स्टार प्रचारकों की सूची में अपना नाम गायब होने के बारे में पत्रकारों से बात करते हुए फायरब्रांड नेता उमा भारती ने टीकमगढ़ जिले में कहा कि उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान को ‘पावर ऑफ अटॉर्नी’ (प्रचार करने के लिए) दी है। अगर वह (चौहान) चाहें तो पार्टी के लिए मेरी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।’

यह पूछे जाने पर कि वह अगले वर्ष प्रस्तावित लोकसभा चुनाव लड़ेंगी तो तेजतर्रार नेता ने कहा कि यह सवाल भाजपा प्रमुख नड्डा से पूछा जाना चाहिए। पिछले साल भारती ने राज्य में शराब की दुकानों के खिलाफ अभियान चलाया था, जिससे भाजपा सरकार के लिए असहज स्थिति पैदा हो गई थी।

स्टार प्रचारकों की सूची में ये दिग्गज शामिल

गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, अश्विनी वैष्णव, पीयूष गोयल, नरेंद्र सिंह तोमर, भूपेंद्र यादव, फग्गन सिंह कुलस्ते, अर्जुन मुंडा के अलावा अन्य लोग भी स्टार प्रचारकों सूची में हैं। इसमें महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा नेता मनोज तिवारी और मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी शामिल हैं।