Site icon Revoi.in

महाराष्ट्र : सीएम एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना में शामिल हुईं उद्धव गुट की नेता मनीषा कायंदे

Social Share

ठाणे, 18 जून। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) से बर्खास्त मनीषा कायंदे रविवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना में शामिल हो गईं। इससे पहले आज सुबह शिवसेना (यूबीटी) ने कायंदे को ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’ को लेकर इसके प्रवक्ता पद से हटा दिया था।

शिवसेना (यूबीटी) के पदाधिकारी ने कहा, ‘कायंदे को शिवसेना (यूबीटी) से निष्कासित नहीं किया जा रहा है। उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण प्रवक्ता के रूप में हटाया जा रहा है।’ फिलहाल यह दो दिनों में पार्टी के लिए दूसरा झटका है। शनिवार को पूर्व विधायक शिशिर शिंदे ने भी ठाकरे नीत गुट से इस्तीफा दे दिया था।

डॉ. मनीषा कायंदे राज्य विधान परिषद की सदस्य हैं और उनका कार्यकाल 27 जुलाई, 2024 को समाप्त होगा। डॉ. मनीषा कायंदे एक लोकप्रिय नेता और तेजतर्रार प्रवक्ता हैं और वे पेशे से प्रोफेसर रही हैं। इसके साथ ही दादर इलाके में जनता पर उनका काफी प्रभाव भी माना जाता है।

मनीषा कायंदे कभी भाजपा में भी शामिल रहीं थीं। लेकिन साल 2012 में उनकी पार्टी विरोधी हरकतों को देखते हुए उन्हें पार्टी से बाहर का रस्ता दिखा दिया गया था। दरअसल साल 2012 विधान परिषद के मुंबई शिक्षक चुनाव क्षेत्र से बागी उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरने से भाजपा उनसे नाराज हो गई थी।