Site icon hindi.revoi.in

होर्मुज को पार कर भारत की ओर रवाना हुए 92,600 टन एलपीजी ला रहे दो जहाज

Social Share

नई दिल्ली, 24 मार्च। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच एलपीजी से भरे दो जहाज – पाइन गैस और जग वसंत – सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत की ओर रवाना हो चुके हैं। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

‘पाइन गैस’ न्यू मंगलौर और ‘जग वसंत’ कांडला पोर्ट पहुंचेगा

राजेश कुमार सिन्हा ने अंतर-मंत्रालयी प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि पाइन गैस जहाज 27 मार्च को न्यू मंगलौर पोर्ट पहुंचेगा, जिसमें 45,000 मीट्रिक टन एलपीजी है। वहीं जग वसंत जहाज 26 मार्च को कांडला पोर्ट पहुंचेगा, जिसमें 47,600 मीट्रिक टन एलपीजी लोड है।

20 भारतीय जहाज अब भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पश्चिम में मौजूद

हालांकि 20 भारतीय जहाज अब भी होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिम में मौजूद हैं। इससे पहले, जहाज ट्रैकिंग डेटा में दिखाया गया था कि दोनों जहाजों को सुरक्षित रास्ते की मंजूरी मिलने के बाद वे इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने में आमतौर पर करीब 14 घंटे का समय लगता है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब फरवरी के अंत में अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद इस क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है, जिससे यह अहम समुद्री मार्ग प्रभावित हुआ है। जग वसंत ने कुवैत से एलपीजी लोड की थी, जबकि पाइन गैस ने यूएई के रुवैस से अपना कार्गो लिया था। तनाव के कारण ये जहाज पहले फंसे हुए थे, लेकिन अब इन्हें आगे बढ़ने की अनुमति मिल गई है। इस माह की शुरुआत में भी दो अन्य भारतीय जहाज इसी रास्ते से सफलतापूर्वक गुजर चुके हैं।

Exit mobile version