Site icon Revoi.in

बॉलीवुड के दबंग सलमान को जन्मदिन से दो दिन पहले सांप ने डसा, इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी

Social Share

मुंबई, 26 दिसंबर। बॉलीवुड के दबंग एक्टर सलमान खान को क्रिसमस (25 दिसंबर) की रात उनके पनवेल स्थित फॉर्म हाउस पर एक सांप ने डस लिया। राहत की बात यह रही कि सांप ज्यादा जहरीला नहीं था और नवी मुंबई के एक अस्पताल में कुछ घंटे इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। बताया जा रहा है कि सल्लू मियां अब स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की सलाह के अनुरूप अपने आवास पर ही आराम कर रहे हैं। उनका सोमवार, 27 दिसंबर को जन्मदिन भी है।

परिवार और दोस्तों संग क्रिसमस मनाने के लिए पनवेल फॉर्म हाउस गए थे

सुपरस्टार सलमान खान के मैनेजर जोर्डी पटेल ने बताया कि यह घटना 25 दिसंबर को तब घटी, जब वह अपने पूरे परिवार और दोस्तों के साथ अपने पनवेल स्थित अर्पिता फार्म हाउस पर क्रिसमस और 27 दिसंबर को पड़ने वाला जन्मदिन मनाने गए थे। कोरोना के बढ़ते खतरे की वजह से भी सलमान ने इस बार अपना बर्थडे फार्म हाउस पर ही सेलिब्रेट करने का फैसला किया था।

 

सूत्रों के अनुसार पनवेल फार्म हाउस पर रात में दोस्तों संग बातचीत के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि उनके हाथ में कोई चीज चुभ रही है। इसके बाद जब उन्होंने इधर-उधर नजरें घुमाईं तो उन्हें सांप दिखा। सांप देख कर सलमान डर गए और फौरन मदद के लिये चिल्लाने लगे।

एमजीएम हॉस्पिटल में इलाज के बाद सुपरस्टार स्वस्थ

सर्पदंश के बाद बॉलीवुड स्टार के नवी मुंबई के कामोथे स्थित एमजीएम हॉस्पिटल में मध्यरात्रि बाद भर्ती कराया गया। लगभग छह-सात घंटे तक चले इलाज के बाद तबीयत में सुधार होने पर रविवार को पूर्वाह्न लगभग नौ बजे उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। अब उनकी तबीयत ठीक बताई जा रही है। सलमान की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रेस्ट करने की सलाह दी है।

फिलहाल अब यह कहा जा रहा है कि वह शायद इस वर्ष अपना बर्थडे न मना पाएं। सलमान खान आखिरी बार फिल्म अंतिम में नजर आए थे, जिसमें आयुष शर्मा लीड रोल में थे। सलमान की कई और फिल्में भी जल्द ही आने वाली हैं।