Site icon Revoi.in

ट्विटर इंडिया की काररवाई : भारत में यूएन, तुर्की, ईरान व मिस्र स्थित पाकिस्तानी दूतावासों के अकाउंट प्रतिबंधित

Social Share

नई दिल्ली/इस्लामाबाद, 28 जून। ट्विटर इंडिया ने पाकिस्तान के चार दूतावासों के ट्विटर खाते पर प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने ट्विटर से इन खातों को तत्काल बहाल करने का आग्रह किया है। आरोप है कि इन ट्विटर खातों के जरिए झूठी खबरें फैलायी जा रही थीं और दुष्प्रचार किया जा रहा था।

ट्विटर ने यूएन, तुर्की, ईरान व मिस्र स्थित पाकिस्तानी दूतावासों के आधिकारिक अकाउंट्स पर यह प्रतिबंध लगाया है। ट्विटर ने यह काररवाई इन दूतावासों द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और दुष्प्रचार के मद्देनजर की है।

पाकिस्तान का दावा – भारत ने कई और अकाउंट बैन कराए

पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की तरफ से किए गए ट्वीट्स कहा गया है कि भारत में ट्विटर द्वारा ईरान, तुर्की, मिस्र और संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तानी दूतावासों के ट्विटर खातों को बैन कर दिया गया है। पाकिस्‍तान ने साथ ही यह भी दावा किया कि भारत ने कई और अकाउंट को बैन कराया है।

बीते दिनों रेडियो पाकिस्तान का अकाउंट भी बंद किया गया था

इससे पहले भी ट्विटर ने पाकिस्तान में राष्ट्रीय सार्वजनिक प्रसारक रेडियो पाकिस्तान के अकाउंट को भारत के खिलाफ नफरत भड़काने के मद्देनजर बंद कर दिया था। हाल ही में नूपुर शर्मा विवाद में भी इन खातों के जरिए भारत के खिलाफ कई ट्वीट्स किए गए थे और इस्‍लामिक देशों के संगठन ओआईसी के बहाने पाक ने संयुक्‍त राष्‍ट्र में नूपुर शर्मा के पैगंबर पर दिए बयान का मुद्दा उठाया था। इस पर भारत ने कड़ी आपत्ति दर्ज की थी।