Site icon Revoi.in

छत्तीसगढ़ : बीजापुर में सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर

Social Share

रायपुर, 10 मई। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के जंगलों में सुरक्षाकर्मियों को बड़ी सफलता मिली, जब उन्होंने शुक्रवार को एक मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि गंगालूर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिडिया गांव के पास सुरक्षाकर्मियों की एक टीम नक्सल विरोधी अभियान पर थी। इसी दौरान पास के एक जंगल में हुई यह मुठभेड़ हुई।

नक्सलियों के शव बरामद, सभी सुरक्षाकर्मी सुरक्षित

दंतेवाड़ा के एसपी गौरव राय ने पुष्टि की कि मुठभेड़ स्थल से अब तक 12 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इस दौरान सभी सुरक्षाकर्मी सुरक्षित हैं। मुठभेड़ लगभग 11 घंटे तक चली और अब सुरक्षा बल लौटने की तैयारी कर रहे हैं।

सीएम विष्णुदेव साय ने अभियान दल को दीं शुभकमानाएं

इस बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पिडिया के जंगलों में मुठभेड़ समाप्त हो गई है और 12 शव बरामद किए गए हैं। उन्होंने अभियान में लगे सुरक्षा बलों और अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

विष्णुदेव ने कहा, ‘जब से छत्तीसगढ़ में भाजपा सत्ता में आई है, नक्सलियों के खिलाफ काररवाई बढ़ गई है और हम उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी भी चाहते हैं कि नक्सलवाद खत्म हो और लोगों को डबल इंजन वाली सरकार का लाभ मिले।’

निक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी एक हजार से ज्यादा जवानों की टीम

एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक हजार से अधिक सुरक्षा बलों की एक विशाल अंतर-जिला टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी, जिसमें कोबरा, स्पेशल टास्क फोर्स, जिला रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। उन्होंने बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों के विभिन्न शिविरों से शुरुआत की और पीडिया जंगलों के विभिन्न स्थानों पर माओवादियों से आमना-सामना किया। अधिकारी ने यह भी कहा कि मारे गए नक्सलियों की सही संख्या तभी पता चल सकती है, जब सुरक्षाकर्मियों की टीमें एक स्थान पर जुटेंगी।

इस वर्ष अब तक 100 से ज्यादा नक्सली मारे जा चुके हैं

देखा जाए तो छत्तीसगढ़ के विभिन्न नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में  इस वर्ष सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में अब तक 100 से ज्यादा नक्सली मारे जा चुके हैं। इस क्रम में नारायणपुर और कांकेर जिलों के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने गत 29 अप्रैल को मुठभेड़ में तीन महिलाओं समेत 10 नक्सलियों को ढेर किया था। इससे पहले गत 16 अप्रैल को कांकेर जिले में ही 29 नक्सली मुठभेड़ में मारे गए थे। वहीं बीजापुर जिले के कोरचोली और लेंड्रा के जंगलों में गत दो अप्रैल को हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 13 नक्सलियों को मार गिराया था। लगभग इतनी ही संख्या में नक्सली बुरी तरह से घायल भी हुए थे।