Site icon hindi.revoi.in

TVK प्रमुख विजय को अंतत: राज्यपाल की मंजूरी मिली, शनिवार को लेंगे तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ

Social Share

चेन्नई, 8 मई। दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में बहुमत का आंकड़ा जुटाने के लिए पिछले चार दिनों की लगातार कोशिशों और बातचीत के बाद तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख थलपति विजय को आखिरकार शुक्रवार शाम सफलता मिली, जब  राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें राज्य में सरकार बनाने की मंजूरी प्रदान कर दी।

लोकभवन में राज्यपाल से लगातार तीसरे दिन मुलाकात

टी विजय ने लगातार तीसरे दिन लोक भवन जाकर राज्यपाल आर्लेकर से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस बार वह अपने साथ सामान्य बहुमत के लिए जरूरी 118 विधायकों के हस्ताक्षर वाला पत्र भी लेकर गए थे।

 

राज्यपाल ने इसकी पुष्टि के बाद विजय का सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। इसी क्रम में सीपीआई (एम) के. बालाकृष्णन ने बताया कि थिरु विजय शनिवार को पूर्वाहन 11 बजे तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद व गोपनीयता की शपथ लेंगे।

कांग्रेस के बाद सीपीई, सीपीआई (एम) व वीसीके से मिला समर्थन

उल्लेखनीय है कि 234 सीटों वाली विधानसभा में TVK 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। लेकिन स्वतंत्र रूप से सरकार बनाने के लिए उसे 118 सीटों की जरूरत थी। हालांकि, कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और विदुथलाई चिरुथाइगल काची (VCK) के समर्थन से पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा सफलतापूर्वक पार कर लिया है।

चूंकि विजय ने दो सीटों पर जीत हासिल की थी, लिहाजा उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। इस तरह TVK के पास 107 विधायक बचेंगे। पांच विधायकों वाली कांग्रेस ने चुनाव परिणाम के बाद टीवीके को समर्थन की घोषणा कर दी थी। तीन दिनों की कवायद के बाद सीपीआई, सीपीआई (एम), वीसीके और आईयूएमएल ने टीवीक को समर्थन की घोषणा कर दी।

वामपंथी दलों का सरकार और मंत्रिमंडल में शामिल होने से इनकार

इस प्रकार देखें तो अब सहयोगी दलों के समर्थन के बाद टीवीके की ताकत बढ़कर 121 सीटों तक पहुंच गई है, जो बहुमत के आंकड़े से तीन सीट ज्यादा है। गठबंधन में अब टीवीके की 108 सीटों के अलावा कांग्रेस की पांच, VCK की दो, CPI की दो, CPI(M) की दो, IUML और AMMK की एक-एक सीट शामिल है। हालांकि वामपंथी दलों ने विजय की सरकार और मंत्रिमंडल में शामिल होने से इनकार कर दिया है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि VCK को सरकार में एक मंत्री पद मिल सकता है।

Exit mobile version