Site icon hindi.revoi.in

ट्रंप ने पीएम मोदी की जमकर की तारीफ, बोले– ‘मैं मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं’

Social Share

नई दिल्ली, 24 मई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें पीएम मोदी बहुत पसंद हैं और पक्के दोस्त हैं। ट्रंप ने रविवार को दिल्ली के भारत मंडपम में अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान फोन पर ये बातें कहीं।

‘हम पहले कभी भारत के इतने करीब नहीं थे, और भारत हमारे देश पर 100% भरोसा कर सकता है

अमेरिकी एम्बेसी द्वारा होस्ट किए गए रिसेप्शन में सैकड़ों लोगों से स्पीकरफोन पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘मुझे प्रधानमंत्री बहुत पसंद हैं। मोदी बहुत अच्छे हैं। वह मेरे दोस्त हैं, और आज सुबह यहां और आज शाम वहां सभी को बहुत-बहुत गुड इवनिंग। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि हम पहले कभी भारत के इतने करीब नहीं थे, और भारत हमारे देश पर 100% भरोसा कर सकता है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भी तारीफ की, जो कार्यक्रम में मौजूद थे। ट्रंप ने कहा, ‘मार्को सबसे महान हैं। उन्हें अमेरिका के इतिहास में सबसे महान सेक्रेटरी ऑफ स्टेट के तौर पर जाना जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी को हैलो कहें और उन्हें बताएं कि मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं।’

उल्लेखनीय है कि चार दिवसीय भारत दौरे पर आए रुबियो नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी और विदेश मंत्री एस.जयशंकर के साथ मीटिंग कर चुके हैं और 26 मई को हैदराबाद हाउस में होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की मीटिंग में भी शामिल होंगे।

ट्रंप-मोदी का रिश्ता दोनों देशों के रिश्तों के लिए बहुत जरूरी – सर्जियो गोर

इस बीच भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि ट्रंप-मोदी का रिश्ता दोनों देशों के रिश्तों के लिए बहुत जरूरी है। हर बार जब मैं और राष्ट्रपति बात करते हैं, तो वह सबसे पहले यही सवाल पूछते हैं, ‘मेरे दोस्त प्रधानमंत्री कैसे हैं?’ गोर ने कहा, ‘यह रिश्ता नया नहीं है। यह लगभग एक दशक पुराना है।’

Exit mobile version