Site icon Revoi.in

इंदौर में दर्दनाक सड़क हादसा : अज्ञात वाहन की टक्कर से बोलरो के परखच्चे उड़े, 8 लोगों की मौत

Social Share

इंदौर, 15 मई। मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार देर रात अज्ञात वाहन से टक्कर से एक बोलेरो जीप के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला समेत आठ लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

अज्ञात वाहन चालक गाड़ी समेत फरार

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रूपेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि जीप बेटमा में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाटाबिल्लोद के पास किसी अज्ञात वाहन से जा भिड़ी। समझा जाता है कि हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक गाड़ी समेत फरार हो गया।

एएसपी ने बताया कि बुधवार देर रात करीब 10.30 पर हुए इस क हादसे में कुल आठ लोगों की मौत हुई है। एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

जीप के उड़े परखच्चे

हादसे के कारण पैदा हुई तेज आवाज से आसपास का इलाका दहल गया। स्थानीय लोग मौके की ओर भागे। टक्कर इतनी तगड़ी थी कि जीप बुरी तरह पिचक गई। लोग उसी में बुरी तरह फंस गए थे। लोगों ने घायलों और मृतकों को निकाला। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। हादसे की जानकारी लगते ही एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस को भी बुला लिया। बताया जाता है कि जीप में सवार लोग मान कार्यक्रम से लौट रहे थे। पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।

टायर फटने से बेकाबू हो गई बोलेरो!

स्थानीय लोगों ने बताया कि बोलेरो जीप सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी। हालांकि पुलिस की ओर से इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि वह अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद भी ली जा रही है। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि बोलेरो का टायर अचानक फट गया, जिससे वह बेकाबू होकर ट्रक से जा टकराई। घटना के समय बोलेरो की रफ्तार ज्यादा थी। लोगों का कहना था कि हादसे में मौके पर ही सभी आठ लोग मारे गए।