Site icon hindi.revoi.in

विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा : खौलता लिक्विड स्टील गिरने से 9 मजदूरों की मौत

Social Share

विशाखापत्तनम, 8 जून। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में सोमवार की शाम दर्दनाक हादसा सामने आया,  जब भारी मात्रा में खौलता हुआ लिक्विड स्टील (पिघला हुआ लोहा) उठाते समय गिर गया। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए विशाखापत्तनम स्टील प्लांट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हादसा स्टील प्लांट के एसएमएस-2 (SMS-2) और एसटीसी-3 (STC-3) हीट एफजी विभाग में उस समय हुआ, जब क्रेन के जरिए खौलते हुए लिक्विड स्टील को ऊपर उठाया जा रहा था।

1,500 डिग्री सेल्सियस तापमान पर उबल रहा था श्रमिकों पर गिरा मेटल लिक्विड

बताया जा रहा है कि लगभग 1,500 डिग्री सेल्सियस के अत्यधिक ऊंचे तापमान पर उबल रहे इस मेटल लिक्विड का लैडल (बड़ा पात्र) अचानक अनियंत्रित होकर हिल गया, जिससे खौलता हुआ गर्म स्टील वहां काम कर रहे मजदूरों पर जा गिरा। स्टील लिक्विड गिरते ही फैक्ट्री में आग लग गई।

पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा की

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशाखापत्तनम स्टील प्लांट की घटना पर दुख जताया। इसी क्रम में पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की।

पीएम मोदी ने ‘X’ पर एक पोस्ट में लिखा – ‘विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए हादसे से दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना। प्रार्थना है कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। स्थानीय अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दे रहे हैं।’

उधर उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया, ‘आज विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए हादसे में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ। दुखी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।’

वहीं आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज और सभी डिपार्टमेंट मिलकर राहत के उपाय करने के आदेश दिए हैं। केंद्रीय मंत्री भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा ने भी स्टील प्लांट में हुए हादसे के बारे में जानकारी ली।

Exit mobile version