Site icon hindi.revoi.in

टोक्यो ओलंपिक : शटलर सिंधु नॉकआउट दौर में, महिला हॉकी में निराशा जारी, धनुर्धर तरुणदीप हारे

Social Share

टोक्यो, 28 जुलाई। मौजूदा रजत पदक विजेता भारतीय शटलर पी.वी. सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक खेलों की बैडमिंटन स्पर्धा में अपना सफर जारी रखते हुए महिला एकल के नॉकआउट दौर में प्रवेश कर लिया। लेकिन हॉकी व तीरंदाजी फील्ड से भारतीयों को निराशा हाथ लगी। महिला हॉकी टीम जहां ग्रेट ब्रिटेन से भी हार गई वहीं तीरंदाजी में तरुणदीप रॉय का सफर खत्म हो गया।

विश्व रैंकिंग में सातवें क्रम की खिलाड़ी 29 वर्षीया सिंधु ने यहां मुसाशिनो फॉरेस्ट प्लाजा के कोर्ट नंबर दो पर सिर्फ 35 मिनट खर्च किए और हांगकांग की चीयूंग नगन यी को 21-9, 21-16 से हराकर लगातार दूसरी जीत से ग्रुप जे में सर्वोच्च स्थान पर रहते हुए पूर्व क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। तीन-तीन खिलाड़ियों के 16 ग्रुपों की शीर्षस्थ खिलाड़ियों को नॉकआउट दौर में प्रवेश दिया जाना है। सिंधु को स्पर्धा में छठी सीड प्रदान की गई है।

उधर ओआई स्टेडियम की साउथ पिच पर भारतीय महिलाओं को ग्रेट ब्रिटेन के हाथों भी 1-4 की पराजय झेलनी पड़ी। छह टीमों के पूल ए में लगातार तीसरी हार के साथ ही भारत की चुनौती भी लगभग खत्म हो गई है।

ग्रुप से शीर्ष चार टीमों को अंतिम आठ में जगह दी जानी है जबकि भारतीय महिलाएं पांचवें स्थान पर हैं, जिन्हें शुरुआत के दो मैचों में नीदरलैंड्स व जर्मनी ने भी शिकस्त दी थी। अब भारत को आयरलैंड और दक्षिण अफ्रीका से खेलना है। ग्रुप में नीदरैंड्स (नौ अंक), जर्मनी (नौ अंक), ब्रिटेन (छह अंक) व आयरलैंड (तीन अंक) शीर्ष चार स्थानों पर काबिज है। भारत की तरह दक्षिण अफ्रीकी टीम का भी खाता नहीं खुल सका है।

मुकाबले की बात करें तो दूसरे क्वार्टर तक 2-1 से आगे रही ब्रिटिश टीम के लिए हन्नाह मार्टिन ने दो (दूसरा और 19वां मिनट) जमीनी गोल किए। लिली ओस्ली ने 41वें मिनट मे शॉर्ट कॉर्नर भुनाया तो ग्रेस बाल्स्डन ने खेल समाप्ति से तीन मिनट पूर्व पेनल्टी स्ट्रोक पर टीम का चौथा गोल किया। भारत का इकलौता गोल शर्मिला देवी ने 23वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर किया।

युमेनोशिमा फाइनल फील्ड में भारतीय धनुर्धर तरुणदीप रॉय का सफर खत्म हो गया। तरुणदीप ने पुरुषों के व्यक्तिगत वर्ग में अंतिम 32 वर्ग के मुकाबले में यूक्रेन के हनबिन ओलेस्की को 6-4 से हराया। लेकिन अंतिम 16 के मुकाबले में वह इजरायल के इटे शैनी के हाथों 5-6 से हार गए।

रोइंग : रोइंग में भी भारत को निराशा हाथ लगी, जब अर्जुन लाल और अरविंद पुरुष डबल स्कल्स सेमीफाइनल ए/बी 2 में हार गए हैं। छह टीमों के बीच वे आखिरी स्थान पर रहे। शीर्ष तीन टीमें फाइनल में पहुंची हैं।

Exit mobile version