Site icon Revoi.in

टोक्यो ओलंपिक : भारतीय पुरुष हॉकी टीम का अभियान शुरू, न्यूजीलैंड को मात दी

Social Share

टोक्यो, 24 जुलाई। एफआईएच विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज और टोक्यो ओलंपिक खेलों में पदक की प्रबल दावेदार भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को अपने अभियान की जीत के साथ शुरुआत की और पूल बी के रोमांचक लीग मुकाबले में न्यूजीलैंड को 3-2 से शिकस्त दी।

ओआई स्टेडियम की पिच नंबर दो पर निर्णायक क्षणों में गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश के शानदार प्रदर्शन और हरमनप्रीत सिंह के दो गोलों के दम पर पुरुष हॉकी टीम ने एक गोल से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए न्यूजीलैंड को से हराया। श्रीजेश ने भारत के खिलाफ मिले छह पेनाल्टी कॉर्नर में पांच का बचाव किया। वैसे न्यूजीलैंड ने मैच में कुल 10 शार्ट कार्नर अर्जित किए और इनमें वह सिर्फ एक भुना सका। उसका अंतिम शार्ट कॉर्नर खेल समाप्ति से कुछ सेकेंड पूर्व बेकार हुआ।

न्यूजीलैंड के लिए पहला गोल छठे मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ केन रसेल ने दागा। हालांकि रूपिंदर पाल सिंह ने दसवें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक पर भारत को बराबरी दिला दी। हरमनप्रीत सिंह ने दूसरे व तीसरे क्वार्टर में आठ मिनट (26वें और 33वें मिनट में) के भीतर पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को आगे किया। न्यूजीलैंड के लिए तीसरे क्वार्टर में ही स्टीफन जेनिस ने 43वें मिनट में दूसरा गोल दागा।

लगभग बराबरी के इस मुकाबले में आक्रामकता और गेंद पर नियंत्रण के मामले में बार बार पलड़ा बदलता रहा। भारतीय टीम को मैदानी गोल करने के पांच मौके मिले, लेकिन एक पर भी सफलता नहीं मिली। इसके अलावा मनप्रीत की टीम को पांच शॉर्ट कॉर्नर भी मिले, जिनमें दो को भुनाया जा सका। आठ बार के ओलंपिक चैंपियन भारत ने आखिरी बार मॉस्को ओलंपिक 1980 में स्वर्ण पदक जीता था।

भारत के पूल बी में अर्जेंटीना, नीदरलैंड्स, ग्रेट ब्रिटेन दक्षिण अफ्रीका को रखा गया है। भारत का अगला मुकाबला रविवार को भारतीय समयानुसार अपराह्न तीन बजे से खेला जाएगा। उधर महिला हॉकी टीम का पूल ए का पहला मैच आज शाम 5.15 बजे से नीदरलैंड से खेला जाएगा।