Site icon Revoi.in

टोक्यो ओलंपिक : स्वर्ण पदक में बदल सकता है चानू का रजत, चैंपियन चीनी वेटलिफ्टर पर डोपिंग का शक

Social Share

टोक्यो, 26 जुलाई। टोक्यो ओलंपिक खेलों की महिला भारोत्तोलन स्पर्धा के 49 किलोग्राम भार वर्ग की स्वर्ण पदक विजेता चीनी वेटलिफ्टर होऊ झिऊई पर डोपिंग का शक जाहिर किया गया है और इसीलिए उनका परीक्षण किया गया है। यदि चीनी स्पर्धी जांच में पकड़ी गई तो यह स्वर्ण पदक भारतीय भारोत्तोलक मीराबाई चानू के खाते में आ सकता है, जिन्होंने रजत पदक हासिल किया था।

ओलंपिक खेल गांव में भारतीय ओलंपिक दल के बीच यह चर्चा है कि होऊ जिऊई का परीक्षण किया जा रहा है और यह देखना होगा कि आगे क्या होता है। हालांकि इस बारे में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने ज्यादा कुछ नहीं कहा।’

झोऊ झिऊई को चीन लौटने से रोका गया

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन नए ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण जीतने वालीं होऊ झिऊई आज अपने देश लौटने वाली थीं, लेकिन उन्हें रुकने को कहा गया। वैसे ओलंपिक के इतिहास में ऐसा पहले भी हो चुका है, जब डोपिंग में फेल होने पर खिलाड़ी का मेडल छीन लिया गया।
ज्ञातव्य है कि चानू ने क्लीन एवं जर्क में 115 किग्रा और स्नैच में 87 किग्रा से कुल 202 किग्रा वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया था। होऊ झिऊई ने कुल 210 किग्रा (स्नैच में 94 किग्रा, क्लीन एवं जर्क में 116 किग्रा) से स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इंडोनेशिया की आइशा विंडी कांटिका ने कुल 194 किग्रा वजन उठाकर कांस्य पदक हासिल किया था।

यदि मीराबाई का पदक स्वर्ण में तब्दील हो जाता है, तो ओलंपिक के इतिहास में भारत के नाम व्यक्तिगत स्पर्धा में यह दूसरा स्वर्ण पदक होगा। दिग्गज शूटर अभिनव बिंद्रा ने भारत को पहला स्वर्ण पदक (बीजिंग 2008) दिलाया था।

मीराबाई चानू ने ओलंपिक की भारोत्तोलन स्पर्धा में पदक का भारत का 21 वर्षों का इंतजार टोक्यो खेलों के पहले ही दिन गत 24 जुलाई को खत्म किया था। इससे पहले कर्णम मल्लेश्वरी ने सिडनी ओलंपिक 2000 में देश को भारोत्तोलन में कांस्य पदक दिलाया था।

स्वदेश लौटीं मीराबाई, दिल्ली एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत

इस बीच दिल्ली से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार मीराबाई चानू स्वदेश लौट आई हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी है। दिल्ली एयरपोर्ट पर जुटे प्रशंसकों ने भारत माता की जय के नारे के साथ उनका भव्य स्वागत किया। हवाई अड्डे पर ही उनका आरटी-पीसीआर टेस्ट भी हुआ। इस दौरान उनके साथ सेल्फी लेने वालों की भीड़ देखी गई।