नई दिल्ली, 11 जून। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार को पुष्टि की कि ओमान की खाड़ी में एक टैंकर पर अमेरिकी सैन्य हमले के बाद लापता हुए तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई है।
सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘पलाऊ के झंडे वाले जहाज एमटी सेटेबेलो पर हुई दुखद घटना के बारे में जानकर बहुत अफ़सोस हुआ। दुख की बात है कि शुरू में लापता बताए गए तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हो गई है। उनके शव मिल गए हैं और उनकी पहचान कर ली गई है।’
It is deeply unfortunate to learn of the tragic incident aboard the Palau-flagged MT Settebello. Sadly, three Indian seafarers initially reported missing are now confirmed dead after bodies have been located and identified.
This is a profound loss to our maritime family. The…
— Sarbananda Sonowal (@sarbanandsonwal) June 11, 2026
सोनोवाल ने कहा, ‘यह हमारे समुद्री परिवार के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। मोदी सरकार इस मुश्किल घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके परिजनों की हर संभव मदद करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’ उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे बचाए गए क्रू सदस्यों की तुरंत घर वापसी और मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए उनके शव को जल्द से जल्द वापस लाने की व्यवस्था करें।
उल्लेनीय है कि ओमान के पास टैंकर पर अमेरिकी सेना के हमले के बाद नाविक लापता हो गए थे। अमेरिका के अनुसार, निर्देशों का पालन न करने पर उसकी सेना ने जहाज पर ‘सटीक’ हमला किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका ने यह भी कहा कि टैंकर ईरान से तेल ले जा रहा था।
भारत ने दर्ज कराया विरोध
रिपोर्ट के अनुसार ओमान के तट पर एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले को लेकर भारत ने बुधवार को नई दिल्ली में अमेरिका के चार्ज डी अफेयर्स को तलब किया और कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस जहाज पर 24 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे।

