Site icon hindi.revoi.in

राष्ट्रमंडल खेल 2026 : ओलम्पिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा सहित 3 भारतीय भाला प्रक्षेपक फाइनल में

Social Share

ग्लास्गो, 30 जुलाई। ओलम्पिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यश वीर सिंह ने गुरुवार को यहां तेज हवाओं से प्रभावित मुश्किल क्वालिफिकेशन राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेल 2026 की भाला प्रक्षेप स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश के साथ भारत के लिए पदक की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।

नीरज ने दूसरे प्रयास में 79.61 मीटर का प्रक्षेप किया

नीरज चोपड़ा ने पहले प्रयास में 76.28 मीटर का थ्रो किया, जो काफी साधारण रहा। लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने शानदार सुधार दिखाते हुए 79.61 मीटर का थ्रो फेंका और क्वालिफिकेशन में पांचवें स्थान पर जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने अपना तीसरा प्रयास नहीं किया।

यश वीर सिंह व रोहित यादव के प्रक्षेप भी 78 मीटर के पार

वहीं यश वीर सिंह ने अपने अंतिम प्रयास में 78.36 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और 10वें स्थान पर रहते हुए फाइनल में एंट्री हासिल की। वहीं, रोहित यादव ने दूसरे प्रयास में 78.37 मीटर का थ्रो फेंककर नौवें स्थान पर क्वालिफाई किया।

श्रीलंकाई रुमेश पथिरागे 82.84 मी. के प्रक्षेप से क्वालिफिकेशन राउंड में शीर्षस्थ

क्वालिफिकेशन राउंड में श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ने 82.84 मीटर के थ्रो के साथ टॉप किया। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (81.29 मीटर) दूसरे और दक्षिण अफ्रीका के डौव स्मिट (80.64 मीटर) तीसरे स्थान पर रहे। पाकिस्तान के ओलम्पिक चैम्पियन अरशद नदीम 78.63 मीटर के साथ सातवें स्थान पर रहे।

देखा जाए तो तीनों भारतीयों का क्वालिफाई करना भारत के लिए बड़ी खुशखबरी है। खासकर नीरज चोपड़ा की मौजूदगी में भारत मेडल की मजबूत दावेदारी रखता है। कुल मिलाकर जेवलिन थ्रो फाइनल अब बेहद रोमांचक होने वाला है।

Exit mobile version