Site icon Revoi.in

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री असलम शेख को जान से मारने की धमकी, फोन करने वाले ने खुद को बताया गैंगस्टर गोल्डी बरार

Social Share

मुंबई, 8 अक्टूबर। कांग्रेस विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री असलम शेख को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने खुद का नाम गैंगस्टर गोल्डी बरार बताया है और कहा है कि वह दो दिनों में कांग्रेस विधायक की हत्या करेगा। मुंबई पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

मुंबई पुलिस के अनुसार फोन करने वाले ने कहा, ‘मैं गोल्डी बरार हूं, मैं दो दिन में असलम शेख को गोली मारने वाला हूं।’ फिलहाल मुंबई के बांगुर नगर पुलिस स्टेशन ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 506 (2) और 507 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।

पंजाबी गायिका जैस्मीन सैंडलस को भी जान से मारने की धमकी

उधर दिल्ली से प्राप्त खबर के अनुसार पंजाबी गायिका जैस्मीन सैंडलस ने आरोप लगाया है कि एक कार्यक्रम के लिए दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति ने गायिका को धमकी देते हुए जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का जिक्र किया था।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका की रहने वाली सैंडलस जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में प्रस्तुति देने के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंची हैं। अधिकारियों ने बताया कि सैंडलस को जिस फोन से धमकी दी गई, वह अंतरराष्ट्रीय नंबर है। गायिका के स्टाफ ने तत्काल उत्तर पश्चिमी दिल्ली की पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि सैंडलस को होटल में सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है और मामले में जांच जारी है।