Site icon hindi.revoi.in

कर्नाटक : बेंगलुरु स्थित ISRO मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी में कुछ नहीं मिला

Social Share

बेंगलुरु, 2 जुलाई। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के मुख्यालय में गुरुवार को उस समय हड़कम्प मच गया, जब उसे बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही अलर्ट जारी किया गया। मौके पर पुलिस और बम स्क्वाड हेडक्वार्टर में जांच-पड़ताल की।

इसरो के चेयरमैन के ऑफिस को धमकी भरा ईमेल आया था

पुलिस के अनुसार, इसरो के चेयरमैन के ऑफिस को धमकी भरा ईमेल आया था। इसके बाद इसरो के कैंपस को खाली कराया गया। कई टीमों ने संदिग्ध वस्तुओं की जांच की। हालांकि, जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और बाद में यह धमकी फर्जी साबित हुई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच के बाद धमकी को फर्जी बताया गया। पुलिस ने बताया कि संजय नगर पुलिस थाना ईमेल भेजने वाले की पहचान और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रहा है। मामले की जांच जारी है।

इसरो मुख्यालय जैसी संवेदनशील जगह पर ऐसी धमकी को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जांच सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर की जा रही है। साथ ही साइबर सेल ईमेल की आईपी एड्रेस, भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और उद्देश्य का पता लगाने में लगा है।

उल्लेखनीय है कि वैज्ञानिक कार्यक्रमों की वजह से यह संस्थान हमेशा सुरक्षा की दृष्टि से काफी संवेदनशील माना जाता है। चंद्रयान, गगनयान और अन्य महत्वपूर्ण मिशनों के कारण इसरो पर विदेशी खुफिया एजेंसियों की नजर भी रहती है।

नॉर्थ बेंगलुरु के डीसीपी बाबासब नेमागौड़ा ने कहा, ‘दोपहर के वक्त संजय नगर पुलिस स्टेशन की सीमा में इसरो हेडक्वार्टर को बम की धमकी वाला कॉल आया। हमारे अधिकारी इसरो पहुंचे और अच्छी तरह से जांच की, कुछ नहीं मिला। इसरो अधिकारी हमारे पास शिकायत दर्ज करा रहे हैं और हम आगे की जांच के लिए मामला उठाएंगे।’

Exit mobile version