Site icon hindi.revoi.in

‘बाबरी पर घड़ियाली आंसू बहाने वाले कर रहे आस्था की बात’, सीएम योगी का कांग्रेस-सपा पर हमला

Social Share

प्रतापगढ़, 7 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रतापगढ़ में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल जाति और आस्था के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो दल कभी भगवान राम और भगवान कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे और रामभक्तों पर गोलियां चलवाने के आरोपों से जुड़े रहे हैं, उन्हें आस्था पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।

मुख्यमंत्री विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र में 384 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 111 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के पास अब जनता के सामने रखने के लिए केवल दो मुद्दे बचे हैं—जाति के नाम पर विभाजन और सनातन आस्था पर प्रहार।

सीएम योगी ने कहा कि हाल के दिनों में इन दलों ने भारत की सनातन परंपरा और धार्मिक आस्था पर हमला करने की कोशिश की है, लेकिन जनता उनकी मंशा को भली-भांति समझ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले भगवान राम और भगवान कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाती थी, जबकि अब अयोध्या और आस्था की बात कर रही है।

उन्होंने कहा, “जो कांग्रेस कभी कहती थी कि भगवान राम और भगवान कृष्ण का अस्तित्व ही नहीं था, वही आज अयोध्या और आस्था की बात कर रही है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने कभी बाबरी ढांचे का समर्थन किया और अब गिरगिट की तरह रंग बदलकर आस्था की राजनीति कर रहे हैं।”

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस पार्टी पर रामभक्तों पर गोली चलवाने के आरोप लगे हों, उसे आस्था की राजनीति करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के अस्तित्व को नकारने या रामभक्तों का दमन करने वाले दल अब राजनीतिक लाभ के लिए आस्था का सहारा ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर धार्मिक स्थलों की उपेक्षा का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि हिंदू धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कब्रिस्तानों की चारदीवारी बनाने में किया गया। ऐसे लोगों को यह बताना चाहिए कि वे किस आस्था की बात कर रहे हैं।

अपने संबोधन के अंत में सीएम योगी ने दावा किया कि प्रदेश और देश की जनता कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की राजनीति को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास और विरासत दोनों को समान प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रही है।

Exit mobile version