Site icon hindi.revoi.in

यूडीएफ ने दिया केरल के 21 सदस्यीय मंत्रिमंडल को अंतिम रूप, वी डी सतीशन सोमवार को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

Social Share

तिरुवनंतपुरम, 17 मई। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) ने केरल के नये 21 सदस्यीय मंत्रिपरिषद के गठन को अंतिम रूप दे दिया है। मनोनीत मुख्यमंत्री वी डी सतीशन सोमवार को शपथ लेंगे। इससे पहले विभागों के बंटवारे, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सत्ता की साझेदारी को लेकर रविवार को हुई मैराथन चर्चा अपने अंतिम चरण में पहुंच गयी है।

मंत्रियों की अंतिम सूची आज ही राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को सौंपे जाने की संभावना है। श्री सतीशन 18 मई को एक ही समारोह में सभी 20 मंत्रियों के साथ शपथ लेंगे। यह विधानसभा चुनावों के बाद सत्ता में यूडीएफ की वापसी को औपचारिक रूप से चिह्नित करेगा।  कई दिनों के व्यस्त विचार-विमर्श और गुप्त वार्ताओं के बाद गठबंधन के नेतृत्व ने शनिवार को तिरुवनंतपुरम में कई महत्वपूर्ण बैठकें कीं।

इन बैठकों का उद्देश्य गठबंधन सहयोगियों के बीच मंत्री पदों के आवंटन, विभागों के बंटवारे और प्रतिनिधित्व के मुद्दों को सुलझाना था।सामने आ रहे फॉर्मूले के अनुसार, कैबिनेट में 11 मंत्री (कांग्रेस से) और पांच आईयूएमएल से शामिल होंगे, जबकि शेष पद केरल कांग्रेस के धड़ों और अन्य सहयोगियों (आरएसपी, केसी-जे, केसी-आई, आरएमपी और सीएमपी) को मिलेंगे।

कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष का पद भी अपने पास रखने की उम्मीद है, जबकि केरल कांग्रेस को मुख्य सचेतक के पद के साथ उपाध्यक्ष का पद मिलने की संभावना है। कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला के भी कैबिनेट में शामिल होने पर सहमति बन गयी है। उन्हें गृह और सतर्कता (विजिलेंस) विभाग दिया जायेगा। इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संकेत हैं कि कांग्रेस के भीतर आंतरिक मतभेदों को सुलझाने के प्रयासों के तहत गृह विभाग के लिए श्री चेन्निथला की पुरानी मांग स्वीकार कर ली गयी है।

कैबिनेट में एक महिला विधायक, एक दलित प्रतिनिधि, एक लैटिन कैथोलिक नेता और एक पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे को शामिल किये जाने की संभावना है। यह एक व्यापक सामाजिक संतुलन बनाने के यूडीएफ के प्रयास को दर्शाता है। आई सी बालकृष्णन के नाम पर भी अभी गंभीरता से चर्चा चल रही है।वार्ता अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही नयी दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान से मंजूरी मिलने के बाद यूडीएफ नेतृत्व के रविवार देर शाम कैबिनेट की अंतिम सूची की घोषणा करने की संभावना है।

Exit mobile version