Site icon Revoi.in

रूस में तख्तापलट का खतरा टला, बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेंको ने पुतिन व प्रिगोझिन के बीच कराई डील

Social Share

मॉस्को, 24 जून। बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंको ने अपने दोस्त व रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन को बड़ी राहत देते हुए वैगनर ग्रुप के विद्रोह को खत्म करा दिया है। इसके साथ ही रूस में तख्ता पलट का खतरा फिलहाल टल गया है।

येवगेनी प्रिगेझिन ने मॉस्को की ओर बढ़ रहे कैंप में लौटने का दिया आदेश

रूसी मीडिया RT के मुताबिक बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने शनिवार को घोषणा की है कि उन्होंने वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन के साथ रूस की डील कराई है। इसके तहत वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन ने अपने सैनिकों को पीछे हटने को कहा है, ताकि खून खराबा रोका जा सके। उन्होंने मॉस्को की ओर बढ़ रहे सैनिकों को रुकने और अपने कैंप में लौटने का आदेश दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक वैगनर ग्रुप के सैनिकों की सुरक्षा के बदले प्रिगोझिन विद्रोह खत्म करने के लिए तैयार हो गए।

प्रिगोझिन और पुतिन के दोस्त लुकाशेंको के बीच पूरे दिन बातचीत हुई

बेलारूस के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘येवगेनी प्रिगोझिन ने राष्ट्रपति लुकाशेंको के उस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, जिसके तहत वैगनर ग्रुप रूस में और अंदर नहीं जाएगा।’ बयान के मुताबिक प्रिगोझिन और लुकाशेंको के बीच पूरे दिन बातचीत हुई। इसके बाद रूस में रक्तपात न करने पर समझौता हुआ।

वैगनर ग्रुप को सुरक्षा की गारंटी

राष्ट्रपति लुकाशेंको के ऑफिस की ओर से कहा गया कि इस बातचीत के दौरान लगातार पुतिन से समन्वय किया जा रहा था। बयान में आगे कहा गया कि प्रिगोझिन को उनके सैनिकों की गारंटी का विकल्प पेश किया गया। हालांकि प्रिगोझिन को और क्या ऑफर हुआ, यह अभी साफ नहीं है।

खैर, वैगनर ग्रुप के विद्रोह खत्म करने की खबर ऐसे समय में आई, जब वह रूस की राजधानी मॉस्को की ओर बढ़ रहा था। शनिवार की सुबह प्रिगोझिन की ओर से दावा किया गया था कि वैगनर ग्रुप ने रूस के दक्षिणी शहर रोस्तोव-ऑन-डॉन पर कब्जा कर लिया है।

पुतिन ने दिन में कहा था – प्रिगोझिन ने पीठ में छुरा घोंपा

वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवेनी प्रिगोझिन की ओर से सशस्त्र विद्रोह की घोषणा को ‘विश्वासघात’ और रूस की ‘पीठ में छुरा घोंपने’ वाला कदम करार दिया था। टेलीविजन पर प्रसारित संबोधन में पुतिन ने कहा था कि बगावत की साजिश रचने वालों को कठोर सजा दी जाएगी। पुतिन ने साथ ही रूस की रक्षा करने का संकल्प लिया था। इसी आपाधापी में प्रिगोझिन की सेना के राजधानी की ओर बढ़ने के बीच मॉस्को के कई हिस्सों में सैन्य ट्रक और बख्तरबंद वाहन देखे गए। इसके दक्षिणी हिस्से में सैनिकों ने चौकियां बनाईं, रेत की बोरियां लगाने के साथ मशीनगन तैनात कर दिए थे।