Site icon hindi.revoi.in

उत्तर प्रदेश : योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह 25 मार्च को होगा, 50 मंत्री ले सकते हैं शपथ

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

लखनऊ, 18 मार्च। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार का दूसरा शपथ ग्रहण समारोह आगामी 25 मार्च को राज्य की राजधानी लखनऊ में शहीद पथ स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई इकाना स्टेडियम में होगा। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में करीब 50 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है, जिनमें तीन उप मुख्यमंत्री भी हो सकते हैं। मंत्रिमंडल में महिलाओं और युवाओं को खास तवज्जो मिलेगी।

गौरतलब है कि पांच वर्षों के सफल कार्यकाल के बाद यूपी की सत्ता में वापसी करने वाले योगी आदित्यनाथ 37 वर्षों का मिथक तोड़ इतिहास रचने जा रहे हैं। दूसरे शब्दों में कहें तो 37 वर्षों बाद कोई मुख्यमंत्री पांच वर्षों का कार्यकाल पूरा करने के बाद लगातार दूसरी बार सत्ता संभालेगा।

पीएम मोदी, अमित शाह और राजनाथ सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद

विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित केंद्र सरकार के कई मंत्री, भाजपाशासित राज्यों के मुख्यमंत्री, संघ और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। उनके अलावा विपक्ष के भी कई शीर्ष नेताओं के शपथ समारोह में उपस्थित रहने की संभावना है।

इकाना स्टेडियम में 65 हजार लोगों की उपस्थिति रहेगी

इस बीच इकाना स्टेडियम में 25 मार्च को अपराह्न चार बजे प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समारोह में करीब 65,000 लोगों की मौजूदगी होगी। मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर योगी की पार्टी नेतृत्व के साथ मंत्रणा हो चुकी है। सरकार गठन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को क्रमशः पर्यवेक्षक व सह पर्यवेक्षक बनाया गया है। शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची को मुख्यमंत्री के गोरखपुर से लखनऊ पहुंचने पर अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

सोनिया, मायावती, मुलायम, अखिलेश व प्रियंका को भी भेजा जाएगा आमंत्रण

प्राप्त जानकारी के अनुसार योगी मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इन लाभार्थियों में महिलाओं की भी पर्याप्त भागीदारी होगी।

Exit mobile version