Site icon Revoi.in

भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक शुरू, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के एजेंडे पर लगेगी मुहर

Social Share

नई दिल्ली, 16 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले आज प्रातः यहां पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक प्रारंभ हो गयी। पार्टी सूत्रों के अनुसार पदाधिकारियों की बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अलावा सभी राज्यों के प्रभारी एवं सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्षों एवं प्रदेश संगठन महासचिव भी शामिल हैं। पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 10 बजे पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पहुंचे , जहां पार्टी महासचिव दुष्यंत गौतम एवं अन्य पदाधिकारियों ने उनकी अगवानी की।

आपको बता दें कि भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक की औपचारिक शुरुआत सोमवार को शाम चार बजे नई दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी और जेपी नड्डा की अध्यक्षता में होगी। दो दिनों तक चलने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मोदी सरकार के सभी मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, संगठन महामंत्री/संगठन मंत्री, भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उप-मुख्यमंत्री, विभिन्न राज्यों के नेता प्रतिपक्ष सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोड शो करते हुए भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के आरंभ होने से पहले एनडीएमसी सेंटर में दोपहर बाद तीन बजे नड्डा एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कई समसामयिक विषयों पर चर्चा होगी। इसमें कई प्रस्ताव भी पारित किये जायेंगे और पार्टी की आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा होगी। भाजपा की इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का समापन 17 जनवरी, मंगलवार को होना है।