Site icon Revoi.in

पेरिस पैरालम्पिक : 84 खिलाड़ियों का अब तक का सबसे बड़ा भारतीय दल प्रतिस्पर्धा करेगा

Social Share

नई दिल्ली, 25 अगस्त। भारत आगामी 28 अगस्त से शुरू हो रहे पेरिस पैरालम्पिक खेलों में 84 खिलाड़ियों का अब तक का सबसे बड़ा दल उतारने जा रहा है, जो 12 खेल स्पर्धाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

टोक्यो में भारतीयों ने 19 पदकों के साथ किया था अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

उल्लेखनीय है कि 2021 के टोक्यो पैरालम्पिक में भारत के 54 खिलाड़ियों ने नौ खेल स्पर्धाओँ में हिस्सा लिया था। टोक्यो पैरालम्पिक में भारतीय खिलाड़ियों ने 19 पदक (पांच स्वर्ण, आठ रजत, छह कांस्य) जीते थे, जो भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

179 सदस्यीय दल में खिलाड़ियों के साथ 95 अधिकारी भी शामिल

अगले माह आठ सितम्बर तक आयोजनत इन खेलों के दौरान भारतीय खिलाड़ियों के साथ 95 अधिकारी भी पेरिस में मौजूद रहेंगे। इनमें खिलाड़ियों की विशेष जरूरतों को देखते हुए उनके साथ जाने वाले निजी कोच और सहायक भी शामिल हैं। इस तरह भारतीय दल में कुल 179 सदस्य शामिल हैं। इन 95 अधिकारियों में से 77 टीम अधिकारी, नौ दल के चिकित्सा अधिकारी और नौ अन्य दल अधिकारी शामिल हैं।

इस बीच भारतीय पैरालम्पिक समिति के अध्यक्ष देवेंद्र झझारिया और मिशन प्रमुख सत्य प्रकाश सांगवान सहित एक बड़ा जत्था रविवार को पेरिस के लिए रवाना हुआ। झझारिया ने रवानगी से पूर्व मीडिया को बताया कि वह ‘सभी खिलाड़ियों का ध्यान रखने के लिए’ खेल गांव के बाहर रहेंगे क्योंकि कुछ खिलाड़ी पेरिस के बाहर प्रतिस्पर्धा करेंगे।

दो को छोड़ पूरे भारतीय दल का खर्च उठाएगी सरकार

खेल मंत्रालय ने दल को स्वीकृति देते हुए कहा, ‘कुछ पैरा खिलाड़ियों की विशेष जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दल में निजी कोच को शामिल किया गया है। हालांकि वे मिशन प्रमुख/टीम के मुख्य कोच के निर्देशों के अनुसार अन्य खिलाड़ियों को भी आवश्यक सेवाएं प्रदान करेंगे। मिशन प्रमुख और पैरा बैडमिंटन के लिए एक टीम मैनेजर को छोड़कर पूरे दल (खिलाड़ियों, दल के अधिकारियों, कोच) की भागीदारी का खर्च सरकार उठाएगी।’

मिशन प्रमुख और पैरा बैडमिंटन टीम के मैनेजर को छोड़कर दल के सभी सदस्यों को खेलों के दौरान ठहरने की आवश्यक और वास्तविक अवधि के अनुसार 50 अमेरिकी डॉलर प्रतिदिन का भत्ता मिलेगा, जिसमें अनुकूलन और प्रशिक्षण अवधि के अलावा दो दिन की आने-जाने की यात्रा का समय भी शामिल होगा। कुछ अधिकारी खेल गांव के बाहर रहेंगे।

पैरा एथलेटिक्स टीम में सर्वाधिक 38 प्रतिभागी शामिल

भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल और निशानेबाज अवनि लेखरा उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें निजी कोच मिलेंगे। ये दोनों टोक्यो पैरालम्पिक में अपना स्वर्ण पदक बचाने की कोशिश करेंगे। पैरा एथलेटिक्स टीम 38 प्रतिभागियों के साथ भारत की सबसे बड़ी टीम है। इसमें सबसे अधिक संख्या में निजी कोच और सहायक कर्मी भी शामिल हैं।